Cricket Records: 5 बल्लेबाज जिन्होंने भारत के लिए इस दशक में वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं

विराट कोहली
विराट कोहली

यह दशक भारतीय क्रिकेट के लिए (विशेष रूप से वनडे प्रारूप में) शानदार रहा है। इस दशक की शुरुआत में सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट का पहला दोहरा शतक लगाया था। इसके बाद भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराते हुए 28 साल बाद विश्व कप का खिताब जीता था।

यह भी पढ़ें: पिछले साल अनसोल्ड रहे 5 भारतीय खिलाड़ी जो इस नीलामी में बिक सकते हैं

इसके अलावा भारत ने 2013 में इंग्लैंड को हारते हुए चैंपियन्स ट्रॉफी का भी खिताब अपने नाम किया। हालाँकि भारतीय टीम को 2015 और 2019 के विश्व कप के सेमीफाइनल में हारकर बाहर होना पड़ा था। इस दशक में सचिन तेंदुलकर, वीरेंदर सहवाग, जहीर खान और युवराज सिंह जैसे भारतीय क्रिकेट के कई दिग्गजों ने संन्यास भी लिया हैं।

लेकिन दशक की सबसे बड़ी कहानी विराट कोहली और रोहित शर्मा का वनडे क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ बनना रहा है। इन दोनों ने मिलकर भारत को काफी मैच जिताए हैं और दुनिया के सभी गेंदबाजी आक्रमणों के खिलाफ रन बनाए हैं।

आइये एक नज़र डालते है उन 5 बल्लेबाजो पर जिन्होंने इस दशक में भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए है:

5. सुरेश रैना

सुरेश रैना
सुरेश रैना

सुरेश रैना ने इस दशक में भारत के लिए 144 वनडे मैच खेले हैं और 35.40 की औसत से 3718 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। रैना का इस दशक का पहला शतक वर्ष 2010 में आया था जब उन्होंने ढाका में श्रीलंका के खिलाफ 106 रन बनाए थे।

इसके बाद रैना ने वर्ष 2014 में कार्डिफ़ में इंग्लैंड के खिलाफ 75 बॉल में 100 रनो की पारी खेली थी जिसकी बदौलत भारत ने मेजबान टीम को 133 रनों से हराया था। इसके अलावा 2015 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ भी शतक लगाया था।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज़ स्पोर्ट्सकीड़ा पर पाएं।

4. शिखर धवन

शिखर धवन
शिखर धवन

शिखर धवन ने इस दशक में भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इस दशक में भारत के लिए 133 वनडे मैच खेले हैं और 44.50 की औसत से 5518 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान में 17 शतक और 27 अर्धशतक लगाये हैं। उनका उच्चतम स्कोर 143 रहा हैं जो उन्होंने इसी साल मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ बनाया था।

3. महेंद्र सिंह धोनी

महेंद्र सिंह धोनी
महेंद्र सिंह धोनी

पूर्व भारतीय कप्तान और महान विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने इस दशक में भारत के लिए 196 मैचों में हिस्सा लिया है और 50.35 की शानदार औसत से 5640 रन बनाए हैं। धोनी ने इस दशक के दौरान चार शतक और 39 अर्धशतक लगाए हैं। इस अवधि में धोनी का उच्चतम स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ 134 रन रहा हैं। विश्व कप 2011 के फाइनल में धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ 91* रनों की पारी खेली थी।

2. रोहित शर्मा

रोहित शर्मा
रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने इस दशक में सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में हुए वर्ल्ड कप में रोहित ने पांच शतक लगाए थे। 'द हिटमैन' ने इस दशक में भारत के लिए 177 एकदिवसीय मैच खेले हैं और 27 शतक और 38 अर्धशतक सहित 7991 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित ने 3 दोहरे शतक लगाए है और उनका उच्चतम स्कोर श्रीलंका के खिलाफ 264 रन रहा है।

1.विराट कोहली

विराट कोहली
विराट कोहली

पिछले कुछ सालों में रिकॉर्ड की झड़ी लगाने वाले भारत के वर्तमान कप्तान विराट कोहली ने इस दशक में भारत के लिए तीनो प्रारूपों को मिला कर 20000 से ज्यादा रन बनाए है। वनडे क्रिकेट में भी वह इस दशक में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज है। इस दौरान कोहली ने 224 एकदिवसीय मैचों में 11036 रन बनाए हैं, जिसमें 42 शतक और 51 अर्द्धशतक शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन रहा हैं।

Quick Links

Edited by मयंक मेहता