5 भारतीय क्रिकेटर जिनका नाम बॉलीवुड से जुड़े विवादों में सामने आया 

Neeraj
भारत में क्रिकेट और सिनेमा को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है
भारत में क्रिकेट और सिनेमा को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है

क्रिकेट और सिनेमा भारत में कई दशकों से लोगों के मनोरंजन का मुख्य साधन रहे हैं। भारत में बॉलीवुड सितारों और क्रिकेटरों को जितना प्यार यहाँ की जनता से मिलता है उतना शायद ही किसी दूसरे पेशे से जुड़े लोगों को मिलता होगा। क्रिकेटर्स और बॉलीवुड सितारों से जुड़ी हर बातों के बारे में जानने के लिए फैंस हमेशा ही आतुर रहते हैं। बॉलीवुड इंडस्ट्री का क्रिकेट से काफी गहरा नाता भी रहा है। बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों ने हमसफर के तौर पर भारतीय क्रिकेटरों को चुना हैं। विराट कोहली (Virat Kohli) और अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं।

हालाँकि कई बार ऐसा भी देखने को मिला है जब इन दो बड़ी इंडस्ट्री के लोगों के बीच किसी कारण के चलते विवाद खड़ा हुआ और वह मीडिया में चर्चा का विषय बन गया। इस आर्टिकल में हम उन 5 भारतीय क्रिकेटरों की बात करेंगे जिनका नाम बॉलीवुड से जुड़े विवादों में सामने आया।

ये हैं वो 5 भारतीय खिलाड़ी जो बॉलीवुड से जुड़े विवादों में फंस चुके हैं

#5 ऋषभ पंत

इन दोनों के बीच हुए इस विवाद ने सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा सुर्खियां बटोरीं
इन दोनों के बीच हुए इस विवाद ने सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा सुर्खियां बटोरीं

अभी हाल में ही ऋषभ पंत और बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला का नाम सोशल मीडिया में काफी दिनों तक चर्चा में रहा था। ये विवाद उर्वशी रौतेला द्वारा दिए एक इंटरव्यू के बाद शुरू हुआ था। इस इंटरव्यू में अभिनेत्री ने खुलासा किया था कि, जब वह दिल्ली में थीं तब एक आरपी नाम के व्यक्ति ने उनसे मिलने के लिए होटल की लॉबी में कई घंटों तक इंतज़ार किया था। फैंस के अनुसार आरपी नाम के ये व्यक्ति ऋषभ पंत थे क्योंकि अतीत में इन दोनों के रिलेशनशिप को लेकर काफी अफवाहें थी।

इस इंटरव्यू के बाद पंत ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की, जिसमें उन्होंने अभिनेत्री का नाम लिए बिना उन्हें जवाब देते हुए लिखा,

"यह मजेदार है कि कैसे लोग केवल कुछ सस्ती लोकप्रियता और सुर्खियों में आने के लिए इंटरव्यू में झूठ बोलते हैं। दुख की बात है कि कैसे कुछ लोग शोहरत और नाम के इतने प्यासे होते हैं। भगवान उन्हें आशीर्वाद दें।"

इसके बाद उर्वशी ने जवाब देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा,

"छोटू भइया' को अपने गेम पर फोकस करना चाहिए।"

#4 एमएस धोनी

धोनी ने मुद्दे पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी
धोनी ने मुद्दे पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी

भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम दुनिया के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार है। हालाँकि उनका नाम भी एक विवाद में शामिल था। धोनी की पूर्व प्रेमिका राय लक्ष्मी ने खुलासा किया था कि उनका रिश्ता क्रिकेट स्टार के साथ उनके लिए चोट के दाग की तरह था।

2014 में दिए अपने एक इंटरव्यू में इस अभिनेत्री ने अपनी लव लाइफ को लेकर कई सारे खुलासे किये थे। उनका मानना था कि एक रिलेशनशिप दाग की तरह होता है जो कभी खत्म नहीं होता। उन्होंने आगे कहा,

"मुझे विश्वास होने लगा है कि धोनी के साथ मेरा रिश्ता एक दाग या निशान की तरह है जो लंबे समय तक नहीं जायेगा। उन्होंने बताया कि, कैसे लोग अपने ब्रेक अप के कई सालों बाद भी इसके बारे में बात करना जारी रखते हैं।"

#3 हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या- केएल राहुल (Image - Google)
हार्दिक पांड्या- केएल राहुल (Image - Google)

हार्दिक पांड्या और केएल राहुल करण जौहर के चर्चित टॉक शो 'कॉफी विद करण" के छठे सीजन के एक एपिसोड में बतौर मेहमान शो में नजर आये थे। एपिसोड के प्रसारित होने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों को फैंस की नाराजगी का सामना करना पड़ा था।

हार्दिक पांड्या को शो में महिलाओं को लेकर उनके द्वारा की गई उनकी टिप्पणियों को लेकर निशाना बनाया गया था और इसे लेकर लोगों ने आपत्ति जताई थी। भारतीय क्रिकेट कण्ट्रोल बोर्ड ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इन दोनों खिलाड़ियों पर कुछ मैचों का बैन लगा दिया, साथ में ही दोनों खिलाड़ियों को चैरिटी में 20-20 लाख रूपये दान देने के लिए भी कहा था।

इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा आलोचना पांड्या की हुई थी। हालाँकि हार्दिक ने अपनी गलतियों से सीख लेते हुए जबरदस्त वापसी की है और मौजूदा समय में वो गेंद और बल्ले दोनों ही विभागों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

#2 रोहित शर्मा

रोहित शर्मा और सोफिया हयात
रोहित शर्मा और सोफिया हयात

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर अफवाह उड़ी थी कि वह सोफिया हयात को डेट कर रहे थे। हालाँकि रोहित ने कभी भी सार्वजानिक तौर पर इस बात को स्वीकार नहीं किया था। सोफिया ने इस क्रिकेट स्टार से अपने रिलेशनशिप को लेकर सोशल मीडिया पर कई सारे ट्वीट किये थे।

अक्टूबर 2012 में किये अपने एक ट्वीट में अभिनेत्री ने स्वीकार किया था कि, उन्होंने रोहित शर्मा को डेट किया था। सोफिया ने उल्लेख किया कि, वह फिर से रोहित जैसे किसी खिलाड़ी के साथ रिलेशनशिप में नहीं आना चाहेंगी क्योंकि वह एक जेंटलमैन की तलाश में हैं।

सोफिया ने विराट कोहली को भी इस विवाद में यह कहते हुए शामिल किया कि वो मैदान के अंदर और बाहर रोहित से बेहतर हैं।

#1 सुनील गावस्कर

अनुष्का शर्मा पूर्व क्रिकेटर के स्टेटमेंट से काफी नाराज थीं
अनुष्का शर्मा पूर्व क्रिकेटर के स्टेटमेंट से काफी नाराज थीं

आईपीएल 2020 में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच हुए एक मैच के बाद सुनील गावस्कर ने विराट कोहली के खराब प्रदर्शन को लेकर एक टिप्पणी की थी। अपनी इस स्टेटमेंट में उन्होंने अनुष्का शर्मा का भी जिक्र किया था जिसको लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस और दिग्गज बल्लेबाज की पत्नी ने नाराजगी जताई थी। गावस्कर ने कोहली को लेकर अपने स्टेटमेंट में कहा था कि उन्होंने कोविड-19 में सिर्फ अनुष्का शर्मा की गेंदबाजी की प्रैक्टिस की।

पूर्व क्रिकेटर के इस स्टेटमेंट के बाद अनुष्का शर्मा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अपने इंस्टा पर स्टोरी डाली और उन्होंने गावस्कर के इस स्टेटमेंट को 'अरुचिकर' करार दिया था।

इंडिया टुडे पर बात करते हुए, गावस्कर ने इस बात को स्पष्ट किया कि उन्होंने विराट कोहली की खराब फॉर्म के लिए अनुष्का शर्मा को कभी भी दोषी नहीं ठहराया। उन्होंने कहा, मैंने वही बताया था जो मैंने उनके वीडियो में देखा था जिसमें वह दोनों साथ में क्रिकेट खेल रहे थे।

Quick Links