श्रीलंका के खिलाड़ी को फिलहाल अस्पताल में ही रखा जाएगा

लंच के समय यह घटना घटित हुई थी
लंच के समय यह घटना घटित हुई थी

श्रीलंका (Sri Lanka) के खिलाड़ी कुसल मेंडिस (Kusal Mendis) को बांग्लादेश (Bangladesh) के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन के खेल में छाती में दर्द हुआ और उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब भी उनको डॉक्टरों की निगरानी में ढाका के एक अस्पताल में रखा गया है। पहले दिन लंच से कुछ मिनट पहले यह घटना हुई थी।

मेंडिस की ईसीजी रिपोर्ट साफ़ आई है। श्रीलंका टीम के मैनेजर महिंदा हलंगोडा ने कहा कि डॉक्टरों को मेंडिस की बैचेनी के लिए मांसपेशियों में ऐठंन का संदेह है इसलिए उनको निगरानी में रखने का निर्णय लिया गया है।

बांग्लादेश के साथ पहली पारी में 23वां ओवर था, जब मेंडिस असहजता में दिखे और मैदान पर लेट गए। श्रीलंकाई मेडिकल स्टाफ ने उनका तुरंत इलाज किया। इसके बाद वह अपना सीना पकड़कर खेल के मैदान से बाहर निकल गए। इसके बाद उनको जांच के लिए अस्पताल लेकर जाया गया। शुरुआती अपडेट में बीसीबी के डॉक्टर मंज़ूर हुसैन चौधरी ने कहा था कि मेंडिस को उचित इलाज और बेहतर प्रबंधन के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। चौधरी के अनुसार मेंडिस मैच के दौरान डिहाइड्रेशन से पीड़ित थे, जो उनकी परेशानी का कारण हो सकता है।मैदान पर गर्मी भी काफी ज्यादा थी। ऐसे में मेंडिस को बैचेनी की शिकायत होने का अंदेशा भी जताया गया। देखना होगा कि उनको अस्पताल से डिस्चार्ज कब किया जाएगा और कब तक वह मैदान पर वापस दिखेंगे।

पहले दिन के खेल में पहले सेशन में श्रीलंकाई टीम हावी रही। बांग्लादेश के 5 खिलाड़ियों को श्रीलंकाई गेंदबाजों ने 24 रनों के कुल स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद मुशफिकुर रहीम और लिटन दास ने मोर्चा संभाला और बेहतरीन बल्लेबाजी की। दोनों ने शतकीय पारियां खेली और स्टंप्स तक नाबाद रहे। बांग्लादेश ने पहले दिन 5 विकेट पर 277 रनों का स्कोर हासिल किया।

Quick Links