CWC 2023: दक्षिण अफ्रीका की भारत के खिलाफ हुई किरकिरी, वनडे फॉर्मेट में झेली अपनी सबसे बुरी हार

India Cricket WCup
दक्षिण अफ्रीका को भारत के हाथों 243 रन की शिकस्‍त सहनी पड़ी

दक्षिण अफ्रीका (South Africa Cricket Team) का रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में भारत (India Cricket Team) के खिलाफ पूरा दम निकल गया। टेंबा बावुमा (Temba Bavuma) के नेतृत्‍व वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए आई, लेकिन भारत के खिलाफ उसने अपनी सबसे बुरी हार झेली। वर्ल्‍ड कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) के 37वें मैच में भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करके निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 326 रन बनाए, जिसके जवाब में प्रोटियाज 27.1 ओवर में 83 रन पर ऑलआउट हो गई।

दक्षिण अफ्रीका को इस तरह भारत के हाथों 243 रन की शिकस्‍त का सामना करना पड़ा। यह दक्षिण अफ्रीका की वनडे इतिहास में रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है। प्रोटियाज टीम जल्‍द ही इस सदमे से उबरना चाहेगी। इससे पहले रन के अंतर से सबसे बड़ी हार दक्षिण अफ्रीका की पाकिस्‍तान के खिलाफ 2002 में आई थी, तब दक्षिण अफ्रीका को पाकिस्‍तान के हाथों 182 रन की शिकस्‍त मिली थी।

2013 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में प्रोटियाज ने 180 रन की शिकस्‍त सही, जो कि उसकी तीसरी सबसे बड़ी हार रही। 2018 में कोलंबो में ही श्रीलंका के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने 178 रन के अंतर से मैच गंवाया था, जो रनों के अंतर से उसकी चौथी सबसे बड़ी हार रही।

वैसे, दक्षिण अफ्रीका के नाम और भी अनचाहे रिकॉर्ड दर्ज हुए। मौजूदा वर्ल्‍ड कप में भारत के खिलाफ किसी टीम का यह दूसरा सबसे कम स्‍कोर रहा। दक्षिण अफ्रीका से पहले श्रीलंका को भारत ने केवल 55 रन पर ढेर कर दिया था। प्रोटियाज टीम इस लिस्‍ट में दूसरे स्‍थान पर काबिज हो गई है।

यही नहीं, दक्षिण अफ्रीका का पुरुष वर्ल्‍ड कप में यह सबसे कम स्‍कोर भी रहा। टेंबा बावुमा की टीम रविवार को केवल 83 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका का सबसे कम स्‍कोर 149 रन था, जो उसने 2007 में बनाया था।

इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका का यह वनडे में संयुक्‍त रूप से दूसरा सबसे छोटा ऑलआउट स्‍कोर है। वनडे में दक्षिण अफ्रीका का सभी विकेट खोकर सबसे कम स्‍कोर 69 रन है, जो उसने 1993 में ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में बनाया था।

दक्षिण अफ्रीका के लिए हर मामले में भारत के खिलाफ मुकाबला निराशाजनक बीता। हालाँकि, टीम पहले ही सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर चुकी है और अपने आखिरी लीग मैच में अपनी गलतियों को सुधारने का प्रयास करेगी।

Quick Links