IPL 2024 : दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक आंकड़ा, ये अनचाहा रिकॉर्ड बनाने वाली पहली टीम बनी

दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड (Photo Credit - IPL)
दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड (Photo Credit - IPL)

DC vs SRH : आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के नाम एक शर्मनाक आंकड़ा दर्ज हो गया है। ये एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे टीम बिल्कुल भी याद नहीं रखना चाहेगी। दिल्ली कैपिटल्स अब आईपीएल इतिहास में दो बार 250 से ज्यादा रन खाने वाली टीम बन गई है। आज तक किसी भी टीम ने अपने खिलाफ दो बार 250 से ज्यादा रन नहीं बनवाए थे लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के नाम ये अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

दरअसल सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने 266 रन बनवा दिए। टीम के गेंदबाजों की काफी धुनाई हुई। ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने दिल्ली की छोटी बाउंड्री का पूरा फायदा उठाया और काफी ताबड़तोड़ शॉट्स लगाए। इस सीजन ये दूसरी बार है जब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 250 से ज्यादा रन बने।

केकेआर ने भी दिल्ली के खिलाफ 272 रन बनाए थे

इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 272 रन बनाए थे। उस मैच में दिल्ली को 106 रनों से बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल इतिहास में 2 बार 250 प्लस से ज्यादा स्कोर खाने वाली पहली टीम बन गई है। उनके नाम ये शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

आपको बता दें कि आईपीएल 2024 में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला गया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने एकतरफा दिल्ली कैपिटल्स को 67 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बार फिर विस्फोटक बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवरों में 266 रन बना दिए। ये टार्गेट दिल्ली कैपिटल्स के लिए काफी बड़ा साबित हुआ। टीम ने शुरुआत में तो मुकाबला किया लेकिन उसके बाद आखिर में 19.1 ओवर में 199 रन पर सिमट गए। ट्रैविस हेड को उनकी तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सनराइजर्स के लिए ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने 6.2 ओवर में ही 133 रन जड़ दिए। अभिषेक शर्मा ने 12 गेंद पर 2 चौके और 6 छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली। वहीं ट्रैविस हेड एक छोर पर टिके रहे। उन्होंने 32 गेंद पर 11 चौके और 6 छक्के की मदद से 89 रनों की पारी खेली।

Quick Links

App download animated image Get the free App now