IPL 2024 में कल का मैच किसने जीता ?

ट्रैविस हेड और ऋषभ पंत (Photo Credit - IPL)
ट्रैविस हेड और ऋषभ पंत (Photo Credit - IPL)

DC vs SRH : आईपीएल 2024 में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला गया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने एकतरफा दिल्ली कैपिटल्स को 67 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बार फिर विस्फोटक बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवरों में 266 रन बना दिए। ये टार्गेट दिल्ली कैपिटल्स के लिए काफी बड़ा साबित हुआ। टीम ने शुरुआत में तो मुकाबला किया लेकिन उसके बाद आखिर में 19.1 ओवर में 199 रन पर सिमट गए। ट्रैविस हेड को उनकी तूफानी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया जो उन्हें काफी भारी पड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बार फिर तूफानी बल्लेबाजी की। ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने 6.2 ओवर में ही 133 रन जड़ दिए। अभिषेक शर्मा ने 12 गेंद पर 2 चौके और 6 छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली। वहीं ट्रैविस हेड एक छोर पर टिके रहे। उन्होंने 32 गेंद पर 11 चौके और 6 छक्के की मदद से 89 रनों की पारी खेली। इसके बाद निचले क्रम में सनराइजर्स के लिए नितीश रेड्डी ने 27 गेंद पर 37 और शाहबाज अहमद ने 29 गेंद पर 2 चौके और 5 छक्के की मदद से नाबाद 59 रन बनाकर टीम को 266 के स्कोर तक पहुंचा दिया। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए।

टार्गेट का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पृथ्वी शॉ ने पहले ही ओवर में लगातार 4 चौके लगाए लेकिन पांचवीं गेंद पर आउट हो गए। डेविड वॉर्नर भी सिर्फ 1 ही रन बना पाए। हालांकि इसके बाद जेक फ्रेजर मैक्गर्क ने 18 गेंद पर 5 चौके और 7 छक्के की मदद से 65 रन बनाकर दिल्ली कैपिटल्स की वापसी करा दी। अभिषेक पोरेल ने भी 22 गेंद पर 42 रन बनाए। जब तक ये दोनों बल्लेबाज क्रीज पर थे दिल्ली गेम में बनी हुई थी लेकिन इनके आउट होने के बाद बाकी बल्लेबाज उस रन गति को बरकरार नहीं रख सके। कप्तान ऋषभ पंत ने 35 गेंद पर 44 रन बनाए लेकिन शुरुआत में उन्होंने काफी टाइम लिया। सनराइजर्स की तरफ से टी नटराजन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट लिए।

Quick Links