IPL 2024: "वापस आकर अच्छा लग रहा है"- मुंबई इंडियंस में वापसी के बाद हार्दिक पांड्या की पहली प्रतिक्रिया आई सामने 

हार्दिक पांड्या ने अपनी पुरानी टीम में वापसी की
हार्दिक पांड्या ने अपनी पुरानी टीम में वापसी की

सोमवार को आधिकारिक तौर पर इस बात का ऐलान हो गया कि IPL 2024 से पहले ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) अपनी मौजूदा टीम गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को छोड़कर मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) में जा रहे हैं। पिछले काफी दिनों से इस चीज को लेकर चर्चा हो रही थी और अब इसकी आधिकारिक पुष्टि भी हो गई। वहीं अब हार्दिक ने भी मुंबई इंडियंस में वापसी को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वापस आकर अच्छा लग रहा है।

मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक पांड्या का बहुत पुराना नाता है। आईपीएल में सबसे पहले हार्दिक को नीता अम्बानी के मालिकाना हक़ वाली फ्रेंचाइजी ने ही खरीदा था। वह टीम के साथ 2015 में 10 लाख रुपये की धनराशि में जुड़े थे लेकिन इसके बाद उनका कद बढ़ता गया और 2021 तक साथ रहे। वहीं, 2022 में नई टीम के रूप में आई गुजरात टाइटंस ने हार्दिक को अपने साथ जोड़ा और फिर दो सीजन तक वो उनके साथ रहे। हालाँकि अब यह ऑलराउंडर खिलाड़ी एक बार फिर से अपनी पुरानी और डेब्यू आईपीएल टीम में पहुँच गया है।

हार्दिक पांड्या ने ट्विटर पर एक क्लिप शेयर की जिसमें उस लम्हें को दिखाया गया जब मुंबई इंडियंस ने उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, यह बहुत सारी अद्भुत यादों को वापस लाता है। मुंबई। वानखेड़े। पलटन। वापस आकर अच्छा लग रहा है।

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन पर एक नजर

2015 से 2021 के बीच हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस के लिए एक जबरदस्त मैच विनर खिलाड़ी रहे। उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 92 मैचों में 153.91 के स्ट्राइक रेट से 1476 रन बनाये, वहीं गेंदबाजी में 42 विकेट झटके।

हार्दिक की वापसी से मुंबई इंडियंस को जरूर मजबूती मिलेगी, जिनका पिछले दो सीजन से प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और उन्हें एक अच्छे ऑलराउंडर की तलाश भी थी।

Quick Links

App download animated image Get the free App now