Hardik Pandya has been fined : आईपीएल 2025 का 56वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। इस मैच में मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। वहीं इस मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या समेत पूरी प्लेइंग इलेवन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पूरी टीम के ऊपर जुर्माना लगाया गया है। इसके पीछे बड़ी वजह निकलकर सामने आई है।
दरअसल हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह कार्रवाई स्लो ओवर रेट को लेकर की गई है। मुंबई की टीम 147 के टारगेट को डिफेंड करते हुए तय समय के अंदर अपने पूरे ओवर नहीं डाल पाई। यही वजह रही कि आखिरी ओवर में जब गुजरात टाइटंस को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे तब मुंबई इंडियंस को 30 यार्ड सर्किल के बाहर केवल चार ही खिलाड़ियों को खड़ा करने की अनुमति मिली। मुंबई इंडियंस की स्लो ओवर रेट को लेकर इस सीजन यह दूसरी गलती है और इसी वजह से हार्दिक पांड्या के ऊपर 24 लाख का भारी भरकम जुर्माना लगाया गया है। वहीं प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों के ऊपर भी कार्रवाई की गई है। कनकशन सब और इम्पैक्ट सब समेत सभी प्लेयर्स के ऊपर 6-6 लाख का जुर्माना लगा है।
हार्दिक पांड्या के ऊपर 24 लाख का लगाया गया जुर्माना
आईपीएल की तरफ से जारी एक अधिकारिक बयान में कहा गया "इस सीजन आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत ओवर रेट को लेकर हार्दिक पांड्या की टीम की यह दूसरी गलती थी। इसी वजह से हार्दिक पांड्या के ऊपर 24 लाख का जुर्माना लगाया गया है।"
आपको बता दें कि आईपीएल 2025 में मंगलवार को मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच मैच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने 3 विकेट से जीत हासिल की। इस तरह मुंबई की टीम लगातार सातवीं जीत हासिल करने से चूक गई। पहले खेलते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 155/8 का स्कोर बनाया। जवाबी पारी में गुजरात टाइटंस को 19 ओवरों में 147 रन का टारगेट चेज करने को मिला, जिसे उन्होंने 3 विकेट शेष रहते आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। गुजरात के लिए इस जीत के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे जिन्होंने 43 रनों की पारी खेली।