हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस के लिए IPL में लगाया छक्कों का शतक, SRH vs MI मुकाबले में हासिल की बड़ी उपलब्धि

हार्दिक पांड्या (Photo Courtesy: IPL)
हार्दिक पांड्या (Photo Courtesy: IPL)

आईपीएल (IPL) 2024 में बुधवार, 27 मार्च को सनराइज़र्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस (Sunrisers Hyderabad vs Mumbai Indians) के बीच एक जबरदस्त मुकाबला खेला गया, जिसमें जमकर रनों की बारिश हुई और दर्शकों को ढेर सारे चौके-छक्के देखने को मिले। इस मुकाबले के दौरान मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने 20 गेंदों में 24 रनों की पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। अपनी पारी में लगाए गए एकमात्र छक्के की बदौलत पांड्या मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल इतिहास में तीसरे ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा किया है।

हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में अपने करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ ही की थी और उन्होंने लगातार सात सीजन फ्रेंचाइजी के लिए खेले। हालाँकि, इसके बाद वह दो सीजन के लिए गुजरात टाइटंस का हिस्सा बने लेकिन फिर कैश ट्रेड के माध्यम से मुंबई ने उन्हें वापस अपने साथ जोड़ लिया और इस सीजन कप्तानी भी थमा दी। हार्दिक ने अभी तक मुंबई इंडियंस के लिए 94 मैच खेले हैं और इनकी 87 पारियों में 100 छक्के लगाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि हार्दिक के चौकों की संख्या 99 है, जो उनके द्वारा अभी तक लगाए गए छक्कों से एक कम है।

मुंबई इंडियंस के लिए 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पांड्या से पहले 100 या उससे अधिक छक्के लगाने का कारनामा सिर्फ दो ही बल्लेबाजों ने किया था, जिसमें एक नाम किरोन पोलार्ड का है, जबकि दूसरा नाम पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का है। पोलार्ड ने 189 मैचों में 223 छक्के लगाए थे, जो मुंबई इंडियंस के लिए सर्वाधिक हैं। वहीं, रोहित के नाम 200 मैचों में 210 छक्के हैं। अगर रोहित इस सीजन के आगामी मैचों में 14 छक्के लगाने में कामयाब रहते हैं, तो फिर वह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में छक्कों के मामले में सबसे सफल बल्लेबाज बन जायेंगे।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now