IPL में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ कैसा रहा एमएस धोनी का प्रदर्शन? 

इस सीजन एक अर्धशतक लगा चुके हैं धोनी (Photo Credit: IPL)
इस सीजन एक अर्धशतक लगा चुके हैं धोनी (Photo Credit: IPL)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की शुरुआत से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी छोड़ने वाले महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने इस सीजन में अब तक बल्ले से कुछ खास धमाका नहीं किया है। सीजन के पहले ही मैच में अर्धशतक लगाने के बाद से धोनी के बल्ले से कोई भी बड़ी पारी नहीं निकली है। उनकी टीम ने इस सीजन खेले अब तक अपने चारों मैच गंवाए हैं और ऐसे में धोनी से टीम की उम्मीदें काफी ज्यादा बढ़ गई हैं।

आज रात को चेन्नई का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होने वाला है। इन दोनों टीमों का इतिहास काफी शानदार रहा है। धोनी कोशिश करेंगे कि वह बैंगलोर के खिलाफ एक अच्छी पारी खेलें और अपनी टीम को सीजन की पहली जीत दिलाएं। आइए जानते हैं अब तक बैंगलोर के खिलाफ कैसा रहा है धोनी का प्रदर्शन।

धोनी ने बैंगलोर के खिलाफ खेले 31 मैचों में लगभग 42 की औसत के साथ 836 रन बनाए हैं और इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। धोनी ने इस टीम के खिलाफ अब तक चार अर्धशतक लगाए हैं जिसमें नाबाद 84 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर धोनी ने इस टीम के खिलाफ अपने रन 141.21 की स्ट्राइक-रेट से बनाए हैं।

बैंगलोर के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ धोनी का प्रदर्शन

चेन्नई के खिलाफ उतरने से पहले ही बैंगलोर को एक बड़ा झटका लगा है क्योंकि उनके तेज गेंदबाज हर्षल पटेल इस मैच में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। हर्षल की अनुपस्थिति में मोहम्मद सिराज की जिम्मेदारी बढ़ेगी, लेकिन धोनी ने सिराज की खूब कुटाई की है। धोनी ने सिराज के खिलाफ 28 गेंदों में 51 रन बनाए हैं और एक भी बार अपना विकेट नहीं गंवाया है।

शानदार फॉर्म में चल रहे वानिंदु हसरंगा और धोनी की अब तक एक ही मुलाकात हुई है जिसमें हसरंगा के खिलाफ धोनी ने दो गेंदों में एक रन बनाया है। लेग-स्पिनर्स के खिलाफ धोनी फंसते हैं और ऐसे में हसरंगा उन्हें फंसाने की कोशिश करेंगे।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar