आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप (ICC Under-19 World Cup 2024) में 28 जनवरी को ग्रुप मुकाबलों का आखिरी दिन रहा, जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया ने अपने-अपने मैच जीते। ग्रुप ए में भारत ने यूएसए को 201 रन और ग्रुप सी में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया। पहले मैच में भारत के अर्शिन कुलकर्णी (118 गेंद 108) और दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के रयान हिक्स (104 गेंद 77*) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ब्लोमफोन्टिन में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की तरफ से जबरदस्त बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला और टीम ने 50 ओवर में 326/5 का स्कोर बनाया। ओपनर अर्शिन कुलकर्णी ने 118 गेंदों में 108 रनों की पारी खेली, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। मुशीर खान ने भी 76 गेंदों में 73 रनों का योगदान दिया। कप्तान उदय सहारन ने 35 रन बनाये। यूएसए की तरफ से अतीन्द्र सुब्रमनियन ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए के बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और टीम पूरे ओवर खेलकर 125/8 का ही स्कोर बना पाई। उत्कर्ष श्रीवास्तव ने सबसे ज्यादा 40 रनों की पारी खेली। अमोघ अरेपल्ली ने नाबाद 27 रन बनाये। भारत की तरफ से नमन तिवारी ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
![ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने ग्रुप में टॉप किया](https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg?w=190 190w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg?w=720 720w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg?w=640 640w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg?w=1045 1045w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg?w=1200 1200w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg?w=1460 1460w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg?w=1600 1600w, https://statico.sportskeeda.com/editor/2024/01/9820d-17064574423345-1920.jpg 1920w)
ब्लोमफोन्टिन में ही खेले गए दूसरे मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 49.5 ओवर में 208 का स्कोर बनाया। दिनुरा कालूपहाना ने सबसे ज्यादा 64 रनों की पारी खेली। वहीं, अन्य बल्लेबाजों में रविशन डी सिल्वा ने 30 और शरुजन शन्मुगनाथन ने 21 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कैलाम विडलर ने तीन विकेट लिये।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 48.5 ओवर में 211/4 का स्कोर बनाया। टीम की जीत के हीरो रयान हिक्स रहे, जिनके बल्ले से 77 रनों की नाबाद पारी आई। वहीं, हैरी डिक्सॉन ने 49 और टॉम कैम्पबेल ने नाबाद 33 रन बनाये। श्रीलंका की तरफ से विश्वा लाहिरू ने दो विकेट लिए।
आपको बता दें कि ग्रुप स्टेज के बाद अब सुपर सिक्स के मुकाबले 30 जनवरी से शुरू हो जायेंगे। इस स्टेज में हर ग्रुप से टॉप 3 टीमों को जगह मिली है। ग्रुप ए से भारत, बांग्लादेश और आयरलैंड ने जगह बनाई है। ग्रुप बी से दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने अपना स्थान पक्का किया है। ग्रुप सी से ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और ज़िम्बाब्वे अगले चरण में जाने में सफल रहीं। वहीं, ग्रुप डी से पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और नेपाल ने सुपर सिक्स में जगह बनाई है।
वहीं, सुपर सिक्स के ग्रुप 1 में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, नेपाल और आयरलैंड है, जबकि ग्रुप 2 में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ज़िम्बाब्वे शामिल है।