India vs New Zealand, Final : चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी उतनी अच्छी नहीं रही है। पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 252 रनों का टारगेट रखा है। न्यूजीलैंड के लिए सबसे बढ़िया बल्लेबाजी माइकल ब्रेसवेल ने की जिन्होंने धुआंधार अर्धशतक लगाया। जबकि भारत की तरफ से कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और रवींद्र जडेजा जैसे गेंदबाजों ने काफी शानदार गेंदबाजी की। भारत के स्पिनर्स का बोलबाला एक बार फिर देखने को मिला।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीता और बल्लेबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत काफी अच्छी रही। विल यंग और रचिन रवींद्र की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवरों में ही 57 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। इस दौरान विल यंग ने 23 गेंद पर 15 रन बनाए। जबकि रचिन रवींद्र काफी खतरनाक नजर आ रहे थे। उन्होंने 29 गेंद पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 37 रनों की पारी खेली। कुलदीप यादव ने एक बेहतरीन गेंद पर उन्हें बोल्ड करके उनकी पारी का अंत किया।
डैरिल मिचेल ने न्यूजीलैंड के लिए बनाए सबसे ज्यादा रन
इसके बाद केन विलियमसन कुछ खास नहीं कर सके। कुलदीप यादव ने उन्हें भी अपनी ही गेंद पर आउट करके पवेलियन की राह दिखा दी। केन विलियमसन सिर्फ 11 रन ही बना सके। इसके बाद टॉम लैथम भी सिर्फ 14 रन ही बना सके। डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने काफी देर तक पारी को संभाला। फिलिप्स ने 52 गेंद पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 34 रनों की पारी खेली। जबकि डैरिल मिचेल ने 101 गेंद पर 3 चौके की मदद से 63 रनों की पारी खेली। वो न्यूजीलैंड की तरफ से इस पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं माइकल ब्रेसवेल ने 40 गेंद पर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 53 रनों की पारी खेल कीवी टीम को बड़े चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया।
भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने काफी शानदार गेंदबाजी की। वरुण चक्रवर्ती ने अपने 10 ओवरों के स्पेल में 45 रन देकर 2 विकेट लिए। जबकि कुलदीप यादव ने भी अपने 10 ओवरों में 40 रन देकर 2 विकेट लिए।