इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी के 2 दिन बाद ही एक और खिलाड़ी को ट्रेड किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने ऑलराउंडर जयंत यादव को मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया है। जयंत यादव पिछले 4 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा थे। 2015 में उनको दिल्ली ने खरीदा था।
2015 से लेकर 2018 तक 4 सीजन में जयंत को दिल्ली के लिए सिर्फ 10 मैचों में खेलने का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने 6.53 की बेहतरीन इकॉनमी रेट से सिर्फ 4 विकेट लिए। दिल्ली कैपिटल्स की टीम में इस बार कई ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस सीजन की नीलामी में अक्षर पटेल को खरीदा जो स्पिन गेंदबाजी के अलावा ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने में भी सक्षम हैं। इसके अलावा ऑलराउंडर जलज सक्सेना को भी उन्होंने खरीदा जो घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा टीम में हर्षल पटेल, राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ी भी हैं। इस लाइन अप को देखते हुए कहा जा सकता है कि जयंत का अंतिम 11 में जगह बना पाना मुश्किल था और शायद उन्हें ट्रेड करने की यही मुख्य वजह भी रही।
हालांकि मुंबई इंडियंस में भी उनके अंतिम 11 में खेलने की संभावना कम ही है। मुंबई में हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, किरोन पोलार्ड जैसे कई नामी-गिरामी खिलाड़ी हैं। इस सीजन से युवराज सिंह भी टीम के साथ जुड़ गए हैं। ऐसे में जयंत को प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं होगा। हालांकि किस रणनीति के तहत मुंबई ने उनको ट्रेड किया है ये देखना होगा।
गौरतलब है 18 दिसंबर को जयपुर में आईपीएल के 12वें सीजन की नीलामी संपन्न हुई। जयदेव उनादकट और वरुण चक्रवर्ती 8 करोड़ 40 लाख के साथ सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। युवराज सिंह को मुंबई इंडियंस ने एक करोड़ में खरीदा। इस बार नीलामी में कुल 351 खिलाड़ी शामिल थे, जिसमें से सिर्फ 60 खिलाड़ी ही बिके। इनमें 40 भारतीय और 20 विदेशी खिलाड़ी हैं।
Get Cricket News In Hindi Here
Published 20 Dec 2018, 21:02 IST