एमएस धोनी के IPL करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी पर पार्थिव पटेल के रनआउट ने फेरा था पानी, आखिरी गेंद पर हुआ उलटफेर

 आरसीबी vs सीएसके, आईपीएल 2019
आरसीबी vs सीएसके, आईपीएल 2019

21 अप्रैल 2019 को बैंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल का 39 वां मैच गत विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया था। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आईपीएल करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली थी, लेकिन वो सीएसके को जीत नहीं दिला पाए थे और आखिरी गेंद पर पार्थिव पटेल के रनआउट ने मैच का रुख बदल दिया था।

चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए पार्थिव पटेल के अलावा कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा, इसी वजह से वो विशाल स्कोर खड़ा नहीं कर पाए। हालांकि पार्थिव पटेल ने एक छोर संभालते हुए 37 गेंदों में 4 छक्कों और दो चौके की मदद से 53 रन बनाए। वो 16वें ओवर में 124 के स्कोर पर आउट हुए। अंत में आरसीबी ने 20 ओवरों में 161-7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

यह भी पढ़ें- युवराज सिंह जब आउट हुए, तो भारत ने उम्मीद छोड़ दी थी और मेरा दिल टूट गया था: मोहम्मद कैफ

162 रनों का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत बेहद खराब रही थी और 28 के स्कोर तक टीम ने 4 विकेट गंवा दिए थे। इस मौके पर बल्लेबाजी करने महेंद्र सिंह धोनी आए और उन्होंने एक छोर संभाल लिया। उन्हें रायडू (29 गेंदों में 29 रन) और रविंद्र जडेजा (12 गेंदों में 11 रन) से समर्थन मिला, लेकिन इन दोनों का स्ट्राइक रेट काफी कम रहा। इससे जरूरी रनरेट काफी बढ़ गया। आखिरी ओवर में सीएसके को जीतने के लिए 26 रनों की दरकार थी और स्ट्राइक पर महेंद्र सिंह धोनी थे। आरसीबी के लिए आखिरी ओवर उमेश ओवर डालने आए।

आखिरी ओवर का पूरा हाल इस प्रकार है:

-पहली गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने स्क्वायर लेग की तरफ शॉट खेलते हुए चौका लगाया।

-एमएस धोनी ने दूसरी गेंद पर जबरदस्त शॉट लगाते हुए 111 मीटर लंबा छक्का लगाया।

-तीसरी गेंद पर भी धोनी ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से एक और छक्का लगाया।

-आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर धोनी गेंद को सही से टाइम नहीं कर पाए और मिडविकेट पर खेलकर दो रन लिए।

-पांचवीं गेंद पर धोनी ने डीप मिडविकेट के ऊपर से जबरदस्त छक्का लगाया। आखिरी गेंद पर सीएसके को जीतने के लिए 2 रनों की दरकार थी।

-आखिरी गेंद पर उमेश यादव ने धीमी गेंद डाला, जिसे धोनी मिस कर गए। धोनी और शार्दुल ठाकुर ने सिंगल लेकर मैच को टाई कराने का प्रयास किया, लेकिन विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने डाइरेक्ट हिट करते हुए ठाकुर को रनआउट कर दिया।

इसी रनआउट की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की। महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद रहते हुए 48 गेंदों में 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 84 रन बनाए। यह उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है, लेकिन इस मैच में उनकी टीम नहीं जीत पाई। एमएस धोनी का स्ट्राइक रेट 175 का रहा। पार्थिव पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

-

Quick Links

Edited by मयंक मेहता