चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के खिलाफ मैच से पहले पूर्व क्रिकेटर ने चुनी मुंबई इंडियंस की प्‍लेइंग XI

मुंबई इंडियंस धीमी शुरूआत के लिए जाने जाते हैं
मुंबई इंडियंस धीमी शुरूआत के लिए जाने जाते हैं

गत चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) और चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स (Chennai Super Kings) के बीच रविवार को दुबई में आईपीएल 2021 (IPL 2021) के दूसरे चरण का पहला मुकाबला खेला जाएगा। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस की अपनी प्‍लेइंग XI का चयन किया है।

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2021 की अंक तालिका में चौथे स्‍थान पर है। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस ने सात में से चार मुकाबले जीते हैं। मुंबई इंडियंस पर प्‍लेऑफ में जगह पक्‍की करने का दबाव बना हुआ है।

आकाश चोपड़ा ने ध्‍यान दिलाया कि मुंबई इंडियंस के पास अब वो स्थिति नहीं है कि वह धीमी शुरूआत करे। उन्‍होंने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए कई बारीकियों पर प्रकाश डाला।

चोपड़ा ने कहा, 'मुंबई इंडियंस को ज्‍यादा परेशानियां नहीं है। चेन्‍नई की पिच उनकी सबसे बड़ी समस्‍या थी, जो अब नहीं है। रोहित शर्मा ने अच्‍छी बल्‍लेबाजी की थी, लेकिन उन्‍हें शेष बल्‍लेबाजों का समर्थन नहीं मिला था। सिर्फ एक परेशानी यह है कि वह धीमी शुरूआत नहीं कर सकते।'

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस के बल्‍लेबाजी क्रम का अनुमान लगाया। उन्‍होंने कहा, 'मुंबई की तरफ से रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, पांड्या बंधु और फिर किरोन पोलार्ड रहेंगे। आप पोलार्ड को ऊपर बल्‍लेबाजी करने के लिए भेज सकते हैं।'

मुंबई इंडियंस को उम्‍मीद होगी कि पांड्या बंधु और किशन अपने प्रदर्शन में सुधार लाएं क्‍योंकि पहले हाफ में इनका प्रदर्शन लचर रहा था।

आकाश चोपड़ा ने गेंदबाजों में इन्‍हें अपनाने का सुझाव दिया

आकाश चोपड़ा चाहते हैं कि मुंबई इंडियंस के लिए नाथन कूल्‍टर नाइल पर न्‍यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को मौका मिले। उन्‍होंने कहा, 'आप राहुल चाहर के साथ खेलेंगे। इसके बाद तीन तेज गेंदबाजों को खिलाना अच्‍छा रहेगा। आप एडम मिल्ने या नाथन कूल्‍टर नाइल में से किसी को खिला सकते हैं। मैं एडम मिल्ने के साथ जाऊंगा क्‍योंकि उनके पास गति है। फिर बुमराह और बोल्‍ट हैं। मेरे ख्‍याल से यह परफेक्‍ट टीम होगी। इस टीम को चोटिल खिलाड़‍ियों की चिंता भी नहीं है।' एडम मिल्ने ने द हंड्रेड में बर्मिंघम फिनिक्‍स के लिए अच्‍छी गेंदबाजी की थी।

आकाश चोपड़ा द्वारा चुनी गई मुंबई इंडियंस की प्‍लेइंग XI इस प्रकार है:

रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, राहुल चाहर, एडम मिल्ने, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्‍ट।

Quick Links