IPL 2021 - डेल स्टेन के मुताबिक विराट कोहली आरसीबी को छोड़कर इस प्रमुख टीम के लिए खेल सकते हैं

Nitesh
विराट कोहली (Photo Credit - IPLT20)
विराट कोहली (Photo Credit - IPLT20)

आईपीएल (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन (Dale Steyn) ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। स्टेन ने कहा है कि विराट कोहली फ्यूचर में आरसीबी को छोड़कर इस प्रमुख फ्रेंचाइजी के लिए खेल सकते हैं।

हाल ही में विराट कोहली ने ऐलान किया था कि वो इस आईपीएल सीजन के बाद आरसीबी की कप्तानी छोड़ देंगे। हालांकि उन्होंने ये भी कहा था कि अपने पूरे आईपीएल करियर के दौरान वो केवल आरसीबी के लिए ही खेलेंगे।

विराट कोहली ने एक वीडियो मैसेज के जरिए कहा कि आईपीएल में आरसीबी के लिए बतौर कप्तान ये मेरा अंतिम सीजन होगा। मैं अपने आखिरी आईपीएल गेम तक आरसीबी के लिए खेलना जारी रखूंगा। मुझमें भरोसा करने और समर्थन करने के लिए मैं आरसीबी के सभी फैन्स का धन्यवाद करता हूं।

विराट कोहली भविष्य में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल सकते हैं - डेल स्टेन

हालांकि आरसीबी के लिए खेल चुके पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि फ्यूचर में कप्तान कोहली किसी दूसरी टीम के लिए भी खेल सकते हैं। उनके मुताबिक विराट कोहली दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल सकते हैं। उन्होंने इसके लिए क्रिस गेल और डेविड बेकहम जैसे दिग्गजों का उदाहरण दिया।

ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा "इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि आप कितने अच्छे प्लेयर हैं। आप हमेशा आगे बढ़ना चाहते हैं। हमने देखा कि क्रिस गेल आरसीबी छोड़कर गए। इसके अलावा काफी लंबे समय तक खेलने के बाद डेविड बेकहम ने मैनचेस्टर यूनाइटेड को अलविदा कह दिया था। क्या पता विराट कोहली भी ऐसा फैसला ले सकते हैं। वो दिल्ली के रहने वाले हैं और शायद दिल्ली कैपिटल्स की टीम उन्हें आमंत्रित करे कि आप हमारी टीम में आ जाइए।"

आपको बता दें कि आईपीएल के पहले सीजन से ही विराट कोहली आरसीबी के लिए खेल रहे हैं। डेनियल विट्टोरी के बाद उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया था। हालांकि अभी तक वो टीम को एक बार भी आईपीएल का टाइटल नहीं जिता पाए हैं। उनके नेतृत्व में आरसीबी ने 2016 में फाइनल तक का सफर तय किया था।

Quick Links

Edited by Nitesh