IPL 2021 - सूर्यकुमार यादव और नाथन कूल्‍टर नाइल का ड्रेसिंग रूम में हुआ सम्‍मान, जानें प्रमुख वजह

सूर्यकुमार यादव और नाथन कूल्‍टर नाइल का हुआ सम्‍मान
सूर्यकुमार यादव और नाथन कूल्‍टर नाइल का हुआ सम्‍मान

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) की टीम को शनिवार को शारजाह में दिल्‍ली कैपिटल्‍स (Delhi Capitals) के हाथों 4 विकेट की शिकस्‍त का सामना करना पड़ा। मुंबई ने पहले बल्‍लेबाजी की और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन बनाए। जवाब में दिल्‍ली ने 19.1 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया।

हालांकि, मुंबई की तरफ से कुछ खिलाड़‍ियों ने दमदार प्रदर्शन किए, जिनका मैच के बाद फ्रेंचाइजी के ड्रेसिंग रूम में सम्‍मान किया गया।

दिल्‍ली के खिलाफ मैच के निराशाजनक नतीजे के बावजूद मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम में सूर्यकुमार यादव और नाथन कूल्‍टर नाइल को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सूर्या ने बल्‍ले जबकि कूल्‍टर नाइल ने गेंद से दमदार प्रदर्शन किया था।

मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने सूर्यकुमार यादव को सम्‍मानित किया जबकि मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सचिन तेंदुलकर ने नाथन कूल्‍टर नाइल को सम्‍मानित किया।

इन दोनों खिलाड़‍ियों का योगदान मुंबई के लिए नाकाफी साबित हुआ। श्रेयस अय्यर (33*) और रविचंद्रन अश्विन (20*) की पारियों की मदद से दिल्‍ली ने जीत हासिल की।

सूर्यकुमार यादव ने फॉर्म में लौटने के संकेत दिए

सूर्यकुमार यादव आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में खराब दौर से गुजर रहे थे, जिसकी वजह से उनकी काफी आलोचना हो रही थी।

पंजाब किंग्‍स के खिलाफ तो सूर्या खाता तक नहीं खोल पाए थे। सूर्या आगामी टी20 विश्‍व कप में भारतीय टीम का हिस्‍सा हैं।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के मैच से पहले हेड कोच महेला जयवर्धने ने यादव के फॉर्म की चिंता को खारिज किया था। महेला ने कहा था कि अपनी फॉर्म दोबारा हासिल करने के लिए सूर्यकुमार यादव को पिच पर कुछ समय बिताने की जरूरत है। दिल्‍ली के खिलाफ सूर्या ने ऐसा ही किया और अपनी खोई हुई लय हासिल की।

30 साल के सूर्या ने 26 गेंदों में 33 रन बनाए और फिर अक्षर पटेल का शिकार होकर डगआउट लौटे। वहीं नाथन कूल्‍टर नाइल ने भी दमदार प्रदर्शन किया और चार ओवर में 19 रन देकर स्‍टीव स्मिथ का विकेट लिया।

मुंबई इंडियंस को 12 मैचों में सातवीं शिकस्‍त झेलनी पड़ी। अब गत चैंपियंस का मैच मंगलवार को राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ शारजाह में होगा। मुंबई इंडियंस के प्‍लेऑफ में पहुंचने की उम्‍मीदें बहुत कम हो चुकी हैं।

Quick Links

Edited by Vivek Goel