कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स की जबरदस्त जीत, केकेआर की दूसरी हार 

KKR vs DC, 19वां मुकाबला (Photo: IPL)
KKR vs DC, 19वां मुकाबला (Photo: IPL)

IPL 2022 के 19वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 44 रनों से हराते इस सीजन की दूसरी जीत दर्ज की। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 215-5 का स्कोर खड़ा किया और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 171 रन ही बना पाई। कुलदीप यादव (4 ओवर, 35 रन और 4 विकेट) को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली कैपिटल्स ने एक बदलाव किया है। एनरिक नॉर्टजे की जगह टीम में खलील अहमद को शामिल किया गया है।

पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने दिल्ली कैपिटल्स को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। दोनों ने एक बार फिर अर्धशतकीय साझेदारी और पावरप्ले में दिल्ली का स्कोर 68-0 था। शॉ ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया। वो 29 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। यहां से ऋषभ पंत (13 गेंदों में 27 रन) ने रनों की गति को कम नहीं होने दिया और उन्होंने वॉर्नर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए टीम के स्कोर को 150 के करीब लेकर गए और 148 के स्कोर पर पंत आउट हुए।

यहां से दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और मध्य क्रम उनका बुरी तरह फ्लॉप रहा। ललित यादव और रोवमन पॉवेल कुछ खास नहीं कर पाए। वॉर्नर भी 17वें ओवर में 166 के स्कोर पर आउट हुए। वॉर्नर ने 45 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक वक्त 200 का स्कोर पार करना मुश्किल नजर आ रहा था, लेकिन शार्दुल ठाकुर (11 गेंदों में 29* रन, एक चौका और 3 छक्के) और अक्षर पटेल (14 गेंदों में 22* रन) ने तेज खेलते हुए टीम का स्कोर तक पहुंचाया। अंतिम 5 ओवरों में दिल्ली ने 54 रन बनाए।कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सुनील नारेन ने दो, आंद्रे रसेल, उमेश यादव और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लिया।

216 रनों का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले में ही उन्होंने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर और अजिंक्य रहाणे के विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर और नितीश राणा (20 गेंदों में 30 रन, 3 छक्के) ने 69 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए अपनी टीम को मैच में बनाए रखा। श्रेयस अय्यर (33 गेंदों में 54 रन, 5 चौके और 2 छक्के) ने जरूर अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन दिल्ली ने लगातार ओवरों में दोनों बल्लेबाजों को आउट करते हुए मैच में कंट्रोल बनाया। सैम बिलिंग्स भी तेजी से खेलने के चक्कर में 9 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए।

केकेआर को आखिरी 5 ओवरों में जीतने के लिए 79 रनों की दरकार थी। कुलदीप यादव ने एक ही ओवर में पैट कमिंस (5), सुनील नारेन (4) और उमेश यादव (0) को आउट करते हुए केकेआर को ट्रिपल झटका दिया। आंद्रे रसेल जरूर एक छोर पर खड़े थे, लेकिन रनरेट इतना ज्यादा हो गया था कि उनके लिए भी रन बनाना काफी मुश्किल हो गया। उन्होंने सिर्फ हार के अंतर को कम करने का काम किया। वो आखिरी ओवर में 21 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गए। अंत में केकेआर की टीम 19.4 ओवरों में 171 रनों पर ऑल-आउट हो गई।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4, खलील अहमद ने 3, शार्दुल ठाकुर ने 2 और ललित यादव को एक विकेट मिला।

IPL 2022 के लिए केकेआर और दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग XI इस प्रकार:

कोलकाता नाइट राइडर्स: वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), नितीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नारेन, उमेश यादव, पैट कमिंस, वरुण चक्रवर्ती और रसीख सलाम।

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वॉर्नर, सरफराज खान, ऋषभ पंत (कप्तान एवं विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर कुलदीप यादव, मुस्ताफिजुर रहमान और खलील अहमद।

Quick Links