मुंबई इंडियंस की लगातार दूसरी हार, रोहित शर्मा हुए बहुत ही बुरी तरह फ्लॉप 

मुंबई इंडियंस vs राजस्थान रॉयल्स, 9वां मैच (Photo: IPL)
मुंबई इंडियंस vs राजस्थान रॉयल्स, 9वां मैच (Photo: IPL)

IPL 2022 के 9वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 23 रनों से हराते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की और यह मुंबई इंडियंस की लगातार दूसरी हार है। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 193-8 का स्कोर खड़ा किया और मुंबई इंडियंस की टीम 170-8 का स्कोर ही बना पाई।

रोहित शर्मा ने जीता IPL 2022 के 9वें मैच का टॉस

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं है और राजस्थान रॉयल्स की टीम में एक बदलाव हुआ है। नवदीप सैनी को प्लेइंग XI में शामिल किया गया है।

राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी और उन्होंने पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल कुछ खास योगदान देने में कामयाब नहीं हुए। हालांकि जोस बटलर शुरुआत से ही गेंदबाजों के ऊपर दबाव बनाने में कामयाब हुए थे। उन्होंने बेसिल थंपी के एक ही ओवर में 26 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने 3 छक्के और दो चौके लगाए थे। इस बीच 32 गेंदों में उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया।

उन्हें कप्तान संजू सैमसन का अच्छा साथ मिला और दोनों ने 8.2 ओवरों में 82 रनों की साझेदारी की। 15वें ओवर में तीसरे विकेट के रूप में 130 के स्कोर पर सैमसन का विकेट गिरा। आउट होने से पहले उन्होंने 21 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। शिमरन हेटमायर ने तेजी से खेलते हुए सिर्फ 14 गेंदों में 35 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के लगाए। इस बीच जोस बटलर ने 66 गेंदों में अपने IPL करियर का दूसरा शतक पूरा किया। बटलर 100 के स्कोर पर ही 19वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 5 छक्के लगाए। राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 11 रन बनाए और इसी वजह से 20 ओवरों में सिर्फ 193 का स्कोर ही बना पाई। एक समय ऐसा लग रहा था कि राजस्थान रॉयल्स की टीम आसानी से 200 का आंकड़ा पार कर लेगी, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की मैच में वापसी कराई। जसप्रीत बुमराह और टाइमल मिल्स ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए। किरोन पोलार्ड को भी एक विकेट मिला।

194 रनों का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत भी खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा (5 गेंदों में 10 रन, एक छक्का) और अनमोलप्रीत सिंह (4 गेंदों में 5 रन, एक चौका) के विकेट टीम ने चौथे ओवर तक गंवा दिए थे। हालांकि यहां से इशान किशन और तिलक वर्मा ने 81 रनों की बेहतरीन साझेदारी करते हुए मुंबई इंडियंस को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। किशन (43 गेंदों में 54 रन, 5 चौके और एक छक्का) अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद 13वें ओवर में 121 के स्कोर पर आउट हो गए।

इस बीच तिलक वर्मा (33 गेंदों में 61 रन, 3 चौके और 5 छक्के) ने अपने दूसरे ही मुकाबले में IPL में अपना पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 28 गेंदों में यह कारनामा किया। हालांकि वो भी अर्धशतक पूरा करने के बाद आउट हो गए। युजवेंद्र चहल ने इसके बाद लगातार दो गेंदों पर टिम डेविड और डैनियल सैम्स को आउट करते हुए मुंबई इंडियंस को डबल झटका दिया। उन्होंने लगभग हैट्रिक भी लेली थी, लेकिन करुण नायर ने मुरुगन अश्विन का कैच ड्रॉप कर दिया। किरोन पोलार्ड (22 रन) ने टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन वो सिर्फ हार के अंतर को ही कम करने में कामयाब हुए। मुंबई की टीम इस मैच को 23 रनों से हार गई।

एक समय ऐसा लग रहा था कि मुंबई इंडियंस की टीम इस मैच को जीत जाएगी, लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने अहम समय पर विकेट चटकाते हुए मैच का रुख अपनी तरफ किया। राजस्थान रॉयल्स के लिए इस मैच में युजवेंद्र चहल और नवदीप सैनी ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। आर अश्विन, ट्रेंट बोल्ट और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट लिया।

Quick Links