वसीम जाफर ने ऋषभ पंत के अपने प्लेयर्स को वापस बुलाने को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया

ऋषभ पंत फील्डिंग के दौरान (Photo Credit - IPLT20)
ऋषभ पंत फील्डिंग के दौरान (Photo Credit - IPLT20)

पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर (Wasim Jaffer) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच आखिरी ओवर में हुए ड्रॉमे को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि पंत ने आखिरी ओवर में जो कुछ भी किया वो सही नहीं था।

दरअसल राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज ओबेड मैकॉय की गेंद को लेकर ये सारा हंगामा हुआ। दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए आखिरी ओवर में 36 रन चाहिए थे। रोवमेन पॉवेल ने पहली तीन गेंद पर तीन छक्के जड़कर अपनी टीम की उम्मीद जगा दी। हालांकि तीसरी गेंद फुलटॉस थी और दिल्ली कैपिटल्स के सभी प्लेयर्स का मानना था कि ये नो बॉल है। हालांकि अंपायर ने उसे नो बॉल करार नहीं दिया और इससे गुस्सा होकर ऋषभ पंत ने अपने खिलाड़ियों को वापस बुला लिया और वॉक आउट कर दिया। यही वजह है कि उनके इस फैसले की हर कोई आलोचना कर रहा है।

ऋषभ पंत को ऐसा नहीं करना चाहिए था - वसीम जाफर

ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर बातचीत के दौरान वसीम जाफर ने कहा कि पंत ने जो कुछ भी किया वो गलत था। उन्होंने कहा,

ऋषभ पंत ने अपने प्लेयर्स को वापस बुलाकर गलत किया, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। हम ये नहीं देखना चाहते हैं। गेम चलते रहना चाहिए। कभी-कभी अंपायरों से गलतियां हो जाती हैं और आपको खेल भावना का परिचय देना होता है।

आपको बता दें कि IPL 2022 के 34वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को बड़े स्कोर वाले मुकाबले में 15 रनों से हराया और अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए। टॉस हारकर पहले खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 222/2 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 207/8 का स्कोर ही बना सकी। जोस बटलर ने लगातार दूसरा और सीजन का तीसरा शतक लगाया।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता