IPL 2023 - अर्जुन तेंदुलकर की वजह से मुंबई इंडियंस को मिली हार...पूर्व क्रिकेटर ने बताई बड़ी वजह

अर्जुन तेंदुलकर ने एक ही ओवर में 31 रन दे दिए (Photo Credit - IPL)
अर्जुन तेंदुलकर ने एक ही ओवर में 31 रन दे दिए (Photo Credit - IPL)

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को पंजाब किंग्स (Pbks) के खिलाफ मैच में मिली हार को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि मैच का टर्निंग प्वॉइंट क्या रहा। आकाश चोपड़ा के मुताबिक अर्जुन तेंदुलकर के 31 रन के ओवर के बाद पूरे मैच का पासा पलट गया और यहीं से मुंबई इंडियंस की टीम मुकाबले में पीछे हो गई।

दरअसल 15 ओवर के बाद पंजाब किंग्स की टीम ने 4 विकेट पर 118 रन बनाए थे। इसके बाद अर्जुन तेंदुलकर गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने अपने इस ओवर में 31 रन दे दिए। इसके बाद पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों को मोमेंटम मिल गया और उन्होंने 214 रन बना दिए। आखिर के पांच ओवरों में पंजाब ने 100 के करीब रन बना दिए और आखिर में जाकर यही रन मुंबई इंडियंस को भारी पड़ गए।

अर्जुन तेंदुलकर के महंगे ओवर के बाद शिफ्ट हुआ मोमेंटम - आकाश चोपड़ा

आकाश चोपड़ा के मुताबिक अर्जुन तेंदुलकर के उस ओवर की वजह से पूरा मैच पंजाब की तरफ शिफ्ट हो गया। उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा,

पहले 10 ओवरों में 85 रन भी नहीं बने थे। इसके बाद सबके मन में यही सवाल था कि पंजाब की टीम 160 भी बना पाएगी या नहीं लेकिन उन्होंने 214 रन बना दिए। अर्जुन तेंदुलकर के उस ओवर में 31 रन चले गए और वहीं से मोमेंटम शिफ्ट हो गया।

आपको बता दें कि पंजाब किंग्स ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 13 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 6 विकेट पर 201 रन ही बना पाई। अर्शदीप सिंह की आखिरी ओवर में जबरदस्त गेंदबाजी की वजह से मुंबई को हार का सामना करना पड़ा।

Quick Links