IPL 2023 : अर्शदीप सिंह ने मुंबई इंडियंस पर बरपाया कहर, पंजाब किंग्स की जबरदस्त जीत 

अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवर में जबरदस्त गेंदबाजी की
अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवर में जबरदस्त गेंदबाजी की

IPL 2023 के 31वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस (MI vs PBKS) को 13 रन से हरा दिया। पहले खेलते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 214/8 का स्कोर बनाया, जवाब में मुंबई इंडियंस पूरे ओवर खेलकर 201/6 का ही स्कोर बना पाई। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी की।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत खास नहीं रही। ओपनर मैथ्यू शॉर्ट 11 रन बनाकर तीसरे ओवर में 18 के स्कोर पर आउट हुए। यहाँ से प्रभसिमरण सिंह और अथर्व तायडे ने मोर्चा संभाला और स्कोर को 65 तक लगे गए। प्रभसिमरण 17 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। लियाम लिविंगस्टोन कुछ खास नहीं कर पाए और 10 रन बनाकर आउट हुए। तायडे भी 29 रन बनाकर पीयूष चावला का शिकार बने और पंजाब को 83 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। बल्लेबाजी करने आये हरप्रीत सिंह और कप्तान सैम करन ने स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया और 50 गेंदों में 92 रन जोड़े। इस दौरान पारी के 16वें ओवर में दोनों बल्लेबाजों ने अर्जुन तेंदुलकर के खिलाफ 31 रन बटोरे जो मौजूदा सीजन का संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर रहा। हरप्रीत ने 28 गेंदों में 41 रन बनाये। वहीं करन ने 29 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली। जितेश शर्मा ने भी 7 गेंदों में 25 रन बनाये। आखिरी 5 ओवर में पंजाब ने 96 रन बटोरे और एक बड़ा स्कोर बनाया। मुंबई इंडियंस के लिए कैमरन ग्रीन और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में ही इशान किशन चलते बने। उन्होंने 1 रन बनाया। यहाँ से कप्तान रोहित शर्मा और कैमरन ग्रीन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 9.3 ओवर में स्कोर को 84 तक पहुंचा दिया। रोहित ने 27 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रनों की पारी खेली। ग्रीन को सूर्यकुमार यादव का साथ मिला और दोनों ने सिर्फ 36 गेंदों में 75 रन जोड़कर स्कोर को 150 के पार पहुंचा दिया। ग्रीन ने 43 गेंदों में 67 रन बनाये। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 57 रनों की पारी खेली। मामला आखिरी ओवर तक गया, जहाँ मुंबई को 16 रन बनाने थे। अर्शदीप सिंह ने पहली दो गेंदों में एक रन दिया और तीसरी गेंद पर तिलक वर्मा को आउट किया जो 3 रन बनाकर आउट हुए। चौथी गेंद पर नेहाल वढेरा को बोल्ड किया और उन्हें खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया। अगली दो गेंदों पर एक रन आया और मुकाबला पंजाब के नाम रहा। पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लिए।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar