IPL 2024: मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ने की अटकलों के बीच रोहित शर्मा को किया गया सम्मानित, खास वीडियो आया सामने

रोहित शर्मा का ड्रेसिंग रूम में हुआ सम्मान (Photo Courtesy: Mumbai Indians X)
रोहित शर्मा का ड्रेसिंग रूम में हुआ सम्मान (Photo Courtesy: Mumbai Indians/X)

Rohit Sharma: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का सफर समाप्त हो चुका है। शुक्रवार को लीग के अपने आखिरी मुकाबले में मुंबई की टीम को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 18 रन से करारी शिकस्त दी। इस मैच में मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज और फैंस के चहेते रोहित शर्मा का बल्ला जमकर चला। उन्होंने लखनऊ के खिलाफ 68 रन की तूफानी पारी खेली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार माना जा रहा है कि यह रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस के लिए खेली गई आखिरी पारी हो सकती है। हालांकि तमाम अटकलों के बीच एक खास वीडियो सामने आया है, जिसमें रोहित को एमआई के ड्रेसिंग रूम में सम्मानित किया गया है।

नीता अंबानी ने रोहित शर्मा को किया सम्मानित

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंद में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से तूफानी 68 रन बनाने वाले रोहित शर्मा को मैच के बाद सम्मानित किया गया। मुंबई इंडियंस ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से इसका वीडियो भी शेयर किया है।

वीडियो में मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर रोहित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, इसके बाद हिटमैन को मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी एक खास बैज पहनाती हैं।

आप भी देखें वीडियो:

आपको बता दें कि रोहित शर्मा के लिए इंडियन प्रीमियर लीग 2024 बल्लेबाजी के लिहाज से मिलाजुला रहा। उन्होंने लीग में 14 मैच खेले और इस दौरान 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 417 रन बनाए। अच्छी बात यह रही कि रोहित ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ फॉर्म में वापसी की और टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक बढ़िया पारी खेली।

दरअसल, आईपीएल 2024 के बाद रोहित शर्मा अब टी20 वर्ल्ड कप में भारत की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। ऐसे में वर्ल्ड कप से ठीक पहले उनका फॉर्म में वापस लौटना भारतीय टीम के लिए अच्छा संकेत है। भारतीय फैंस यही चाहते हैं कि रोहित का बल्ला टी20 वर्ल्ड कप में जमकर चले और वह विरोधी गेंदबाजों की जमकर खबर लें। भारत को अगर दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करना है तो रोहित का फॉर्म में रहना काफी जरूरी है।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now