GT vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का एलिमिनेटर मैच आज गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। मुल्लांपुर में हो रहे इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों की तरफ से जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला है। मुंबई ने टॉस पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए हैं। MI के लिए सबसे अधिक रन पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले से निकले। GT को अब क्वालीफ़ायर 2 में पहुंचने के लिए 229 रन बनाने होंगे।
रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो ने टीम की दिलाई धमाकेदार शुरुआत
पहले खेलते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद शानदार रही। रोहित शर्मा और उनके नए ओपनिंग पार्टनर जॉनी बेयरस्टो ने जीटी के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। पावरप्ले में हिटमैन को दो जीवनदान मिले और उन्होंने उसका पूरा फायदा उठाया। दोनों ने मिलकर पहले 6 ओवरों में 79 रन जोड़े, जो कि आईपीएल प्लेऑफ के इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।
इस जोड़ी को तोड़ने का काम साई किशोर ने किया। बेयरस्टो 22 गेंदों का सामना करने के बाद 47 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के जमाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव टीम के पूर्व कप्तान का साथ देने के लिए क्रीज पर उतरे। रोहित ने अपना रौद्र रूप धारण किया और चौकों-छक्कों की बरसात की।
उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों पर 81 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के उनके बल्ले से निकले। अपनी इस आतिशी पारी के दौरान रोहित ने दो बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज किए। दरअसल, हिटमैन अब आईपीएल में 300 छक्के लगाने वाले इकलौते भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 7000 रन के आंकड़े को भी पार किया।
वहीं, सूर्यकुमार 33 रनों का योगदान देने में कामयाब रहे। आखिरी के ओवरों में तिलक वर्मा (25) और कप्तान हार्दिक पांड्या (22*) ने कुछ दर्शनीय शॉट्स खेलकर फैंस को आकर्षित किया। इस तरह मुंबई ने पूरे ओवर खेलकर 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए। GT के लिए इतना बड़ा टारगेट चेज करना लगभग नामुमिकन है। आईपीएल के इतिहास में अभी तक एक बार भी मुंबई इंडियंस के खिलाफ किसी टीम ने 200 से ऊपर का टारगेट चेज नहीं किया है।