Delhi Capitals Beat RCB : आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का विनिंग स्ट्रीक लगातार जारी है। टीम ने लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली है। दिल्ली कैपिटल्स ने गुरुवार को खेले गए मुकाबले में आरसीबी को उनके ही होम ग्राउंड में 6 विकेट से बुरी तरह रौंद दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 163 रन ही बना सकी। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने इस टारगेट को 17.5 ओवर में ही सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने एक और शानदार जीत दर्ज कर ली है। उनके लिए इस मुकाबले में केएल राहुल ने काफी धमाकेदार पारी खेली।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करने उतरी आरसीबी की शुरुआत काफी जबरदस्त रही। विराट कोहली और फिल साल्ट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 3.5 ओवर में ही 61 रन जोड़ दिए। आरसीबी ने अपने आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाया। टीम ने मात्र 3 ही ओवर में 50 रन बना दिए थे। ऐसा लग रहा था कि जैसे आरसीबी आज 250 के करीब रन बना देगी।
हालांकि साल्ट के आउट होते ही मिडिल ऑर्डर पूरी तरह से ढह गया। फिल साल्ट ने 17 गेंद पर 37 और विराट कोहली ने 14 गेंद पर 22 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार 23 गेंद पर 25 रन ही बना सके। आखिर में टिम डेविड ने 20 गेंद पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से कुलदीप और विपराज निगम ने 2-2 विकेट लिए।
केएल राहुल ने अकेले दम पर दिल्ली कैपिटल्स को दिलाई जीत
टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत भी बेहद खराब रही। टीम के दोनों ही सलामी बल्लेबाज 10 रन तक पवेलियन लौट गए और 30 रन तक 3 विकेट गिर गए। इसके बाद लगा कि मैच फंस जाएगा। हालांकि केएल राहुल ने एक छोर पर टिके रहकर आखिर में टीम को जीत दिला दी। केएल ने मात्र 53 गेंद पर 7 चौके और 6 छक्के की मदद से 93 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं त्रिस्टन स्टब्स ने भी 23 गेंद पर नाबाद 38 रन बनाए। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने केएल राहुल का एक मुश्किल कैच छोड़ा था और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।