MI vs DC Match Result: IPL 2025 के 63वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया और 59 रन से जीत हासिल की। इस जीत की मदद से MI प्लेऑफ में जगह बनाने वाली चौथी टीम बन गई है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स का ट्रॉफी जीतने का सपना चकनाचूर हो गया है। मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए 180/5 का स्कोर खड़ा किया था। जवाबी पारी में दिल्ली की टीम 121 रन पर ढेर हो गई। मुंबई के लिए इस जीत के हीरो सूर्यकुमार यादव और मिचेल सैंटनर रहे।
सूर्यकुमार यादव ने की कमाल की बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले खेलते हुए मुंबई इंडियंस के अधिकतर बल्लेबाजों की तरफ से शर्मनाक प्रदर्शन देखने को मिला। रेयान रिकलटन (25), रोहित शर्मा (5), विल जैक्स (21) जैसे बल्लेबाजों ने उम्मीदों पर पानी फेरा। डीसी की कसी हुई गेंदबाजी के चलते ऐसा लग रहा था कि मुंबई की टीम 150 रन के आंकड़े को भी बड़ी मुश्किल से पार कर पाएगी, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने ऐसा होने नहीं दिया। उन्होंने दिल्ली के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 43 गेंदों पर 73* रन की तेजतर्रार पारी खेली। अपनी इस पारी में नंबर 1 टी20 बल्लेबाज ने 7 चौके और 4 छक्के जमाए। इस दौरान नमन धीर ने भी 24* अपनी बेहतरीन पारी से फैंस का दिल जीता। इस तरह मुंबई ने पूरे ओवर खेलकर 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए।
मिचेल सैंटनर की फिरकी में फंसे दिल्ली के धुरंधर
दिल्ली की टीम जब टारगेट का पीछा करने उतरी, तो शुरुआत से ही दबाव में दिखी। आलम ये रहा कि 27 के कुल योग तक डीसी के तीन प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। यहीं से दिल्ली की हार लगभग निश्चित हो गई थी। बीच के ओवरों में समीर रिजवी (39) और विप्रज निगम (20) ने टिकने की कोशिश जरूर की, लेकिन मिचेल सैंटनर की फिरकी के आगे दोनों सेट होने के बाद ढेर हो गए। सैंटनर के साथ-साथ जसप्रीत बुमराह ने भी दिल्ली के बल्लेबाजों पर जरा भी रहम नहीं दिखाया और पूरी टीम को 121 रन पर ऑलआउट कर दिया। इन दोनों गेंदबाजों के खाते में 3-3 विकेट आए। इस तरह मुंबई ने 59 रन से मुकाबला जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।