Mumbai Indians Sign 3 Overseas Players : आईपीएल 2025 के रीस्टार्ट होने के बाद लगातार टीमों में बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में मुंबई इंडियंस के स्क्वॉड में भी बड़ा बदलाव हुआ है। टीम ने तीन विदेशी खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया है। इनमें इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज जॉनी बेयरेस्टो भी हैं।
दरअसल आईपीएल 2025 जब एक हफ्ते बाद दोबारा शुरु हुआ तो फिर कुछ विदेशी खिलाड़ी इंटरनेशनल मैचों की वजह से वापस अपने देश चले गए। मुंबई इंडियंस के तीन प्लेयर्स को बीच सीजन ही वापस जाना पड़ा। ये तीन खिलाड़ी विल जैक्स, रेयान रिकेल्टन और कॉर्बिन बॉश हैं। विल जैक्स और रिकेल्टन काफी अच्छा प्रदर्शन टीम के लिए कर रहे थे और इसी वजह से इनका बाहर होना मुंबई के लिए बड़ा झटका है। हालांकि अब इनकी जगह तीन नए खिलाड़ियों को मुंबई इंडियंस ने बाकी बचे मैचों के लिए साइन कर लिया है।
मुंबई इंडियंस में तीन धाकड़ खिलाड़ियों की हुई एंट्री
मुंबई इंडियंस ने विल जैक्स की जगह जॉनी बेयरेस्टो, रेयान रिकेल्टन की जगह रिचर्ड ग्लीसन और कॉर्बिन बॉश की जगह श्रीलंका के चरित असलंका को टीम में जगह दी है। आईपीएल की तरफ से जारी एक स्टेटमेंट में कहा गया,
मुंबी इंडियंस ने विल जैक्स, रेयान रिकेल्टन और कॉर्बिन बॉश के रिप्लेसमेंट के तौर पर जॉनी बेयरेस्टो, रिचर्ड ग्लीसन और चरित असलंका को साइन किया है। विल जैक्स, रेयान रिकेल्टन और कॉर्बिन बॉश नेशनल ड्यूटी के लिए आईपीएल छोड़कर जा रहे हैं। बेयरेस्टो को 5.25 करोड़ में साइन किया गया है। जबकि रेयान रिकेल्टन की जगह रिचर्ड ग्लीसन को 1 करोड़ में साइन किया गया है। वहीं कॉर्बिन बॉश की जगह असलंका को 75 लाख में साइन किया गया है। ये तीनों ही खिलाड़ी अगर मुंबई इंडियंस क्वालीफाई करती है तो फिर आईपीएल प्लेऑफ से मौजूद रहेंगे।
आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस की टीम इस वक्त मजबूती से प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। टीम ने अभी तक 12 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें 7 मैचों में जीत मिली है और 5 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। अगर मुंबई अपने बचे हुए दोनों ही मैच जीत लेती है तो फिर 18 पॉइंट्स के साथ आसानी से प्लेऑफ में क्वालीफाई कर लेंगे।