"एम एस धोनी जो विरासत छोड़कर गए हैं वो लंबे समय तक कायम रहेगी"

एम एस धोनी
एम एस धोनी

पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया (Danish Kaneria) ने एम एस धोनी (MS Dhoni) को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि एम एस धोनी अपने पीछे जो विरासत छोड़कर गए हैं वो लंबे समय तक कायम रहेगी। दानिश कनेरिया के मुताबिक वर्तमान में भारतीय टीम (Indian Cricket Team) और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम धोनी के बताए रास्ते पर ही चल रही है।

दीपक चाहर ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में जिस तरह से अपने दम पर मैच जिताया उससे दानिश कनेरिया काफी प्रभावित हैं। दानिश कनेरिया के मुताबिक वो एम एस धोनी ही थे जिन्होंने दुनिया को दिखाया था कि गेम को आखिर तक ले जाकर जीत कैसे हासिल की जाती है।

भारतीय खिलाड़ी एम एस धोनी के नक्शे-कदम पर चल रहे हैं - दानिश कनेरिया

अपने यू-टूयब चैनल पर बातचीत के दौरान दानिश कनेरिया ने कहा कि क्यों एम एस धोनी की विरासत लंबे समय तक कायम रहेगी। उन्होंने कहा,

एम एस धोनी भारत और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए जो विरासत छोड़कर गए हैं वो लंबे समय तक रहेगी। जिस तरह से अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया में परफॉर्म किया, दीपक चाहर ने श्रीलंका के खिलाफ किया उससे पता चलता है कि इन्होंने टीम की जरूरत के हिसाब से परफॉर्म किया। गेम को डीप कैसे ले जाना है और आखिर में जाकर जीत कैसे दिलानी है ये सब धोनी की विरासत है जिसे ये भारतीय खिलाड़ी फॉलो कर रहे हैं।

दानिश कनेरिया के मुताबिक पाकिस्तान के खिलाड़ी अपने पूर्व खिलाड़ियों का अनुसरण नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंजमाम उल हक जैसे दिग्गज ने काफी सफलताएं हासिल की लेकिन कोई भी उनके जैसा खेलने की कोशिश नहीं करता है। उन्होंने आगे कहा,

पाकिस्तान की टीम अपने परफॉर्मेंस में निरंतरता नहीं दिखा रही है। भारत के टेलेंडर्स को देखिए और हमारे टेलेंडर्स को देखिए, इसमें काफी बड़ा अंतर है। हमारे भी पूर्व खिलाड़ी एक समृद्ध विरासत छोड़कर गए हैं लेकिन पाकिस्तान ने इसे अपनाया नहीं है। पाकिस्तान डरकर क्रिकेट खेल रहा है। एक टीम तभी सफल बनती है जब वो अपने सीनियर्स के नक्शेकदम पर चलती है। भारत ने ये काम किया है लेकिन पाकिस्तान नहीं कर पाया है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
Be the first one to comment