IPL 2024: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 200 से ज्यादा का स्कोर बनाकर हासिल की बड़ी उपलब्धि, खास मामले में की RCB की बराबरी

टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने जबरदस्त साझेदारी की (Photo Courtesy: BCCI)
टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने जबरदस्त साझेदारी की (Photo Courtesy: BCCI)

IPL 2024 का 20वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स (MI vs DC) के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच बार की चैंपियन मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 234/5 का स्कोर बनाया। इस तरह मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छठी बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया, जो लीग के इतिहास में किसी भी टीम के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का मौका मिलने पर मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और इशान किशन की ओपनिंग जोड़ी ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। रोहित ने 27 गेंदों में 49 और इशान ने 23 गेंदों में नाबाद 42 रनों की पारी खेली। हालाँकि, सूर्यकुमार यादव (0) और तिलक वर्मा (6) फ्लॉप रहे लेकिन हार्दिक पांड्या ने 33 गेंदों में 39 रन बनाये और पारी को संभालने का काम किया।

आखिरी के ओवरों में टिम डेविड (21 गेंद 45*) और रोमारियो शेफर्ड (10 गेंद 39*) ने धुआंधार अंदाज में बल्लेबाजी की। इस जोड़ी ने सिर्फ 13 गेंदों में 53 रनों की अविजित साझेदारी की, जिससे स्कोर 230 के पार पहुंचा। इस दौरान शेफर्ड ने पारी के अंतिम ओवर में चार छक्के और दो चौके की मदद से 32 रन बनाये, जो आईपीएल इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा मुकाबले के 20वें ओवर में दूसरे सर्वाधिक हैं।

मुंबई इंडियंस ने की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बराबरी

आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा 6 बार 200 या उससे अधिक का स्कोर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स के खिलाफ बनाया था लेकिन अब मुंबई इंडियंस ने उसकी बराबरी कर ली है। मुंबई की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ क्रमशः 234/5, 218/7, 212/3, 209/5, 206/4, 200/5 के रूप में 6 बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now