Mumbai Indians Likely to sign Jonny Bairstow: आईपीएल 2025 फिर से शुरू होने वाला है और मौजूदा सीजन के शेष मैच 17 मई से खेले जाने वाले हैं। हालांकि, इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के कारण कई इंग्लिश खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर संशय की स्थिति बन गई है। मुंबई इंडियंस की टीम में भी इंग्लैंड के स्पिन ऑलराउंडर विल जैक्स शामिल हैं। हालांकि, जैक्स को वेस्टइंडीज के खिलाफ 29 मई से शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए भी चुना गया है। इसी वजह से अगर एमआई प्लेऑफ में पहुंचती है तो उनका खेलना मुश्किल है, जिसको देखते हुए मुंबई की फ्रेंचाइजी उनके ही हमवतन जॉनी बेयरस्टो को साइन करने को देख रही है।
जॉनी बेयरस्टो को अस्थाई रिप्लेसमेंट के रूप में MI कर सकती है साइन
विल जैक्स को मुंबई इंडियंस ने मेगा ऑक्शन में खरीदा था और उन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन से काफी अहम योगदान दिया। जैक्स पूरे आईपीएल 2025 के लिए उपलब्ध थे लेकिन सीजन को बीच में ही एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया गया था, जिसकी वजह से शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा। मुंबई इंडियंस के अंतिम दो ग्रुप मैचों के लिए जैक्स भारत आ गए हैं लेकिन राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के कारण प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि इंग्लैंड की वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज आईपीएल 2025 के प्लेऑफ चरण के साथ टकरा रही है। इसी वजह से मुंबई की टीम जॉनी बेयरस्टो के साथ संपर्क में है। हालांकि, बेयरस्टो तभी खेल पाएंगे जब उन्हें इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा NOC मिलेगी।
बेयरस्टो को पिछले साल नवंबर में हुए मेगा-ऑक्शन में कोई खरीदार नहीं मिला था। इसके अलावा उन्होंने जून 2024 के बाद से इंग्लैंड के लिए किसी भी प्रारूप में कोई भी मैच नहीं खेला है। वह इस सप्ताह काउंटी चैंपियनशिप में सरे के खिलाफ यॉर्कशायर की कप्तानी करने के बाद भारत आ सकते हैं। यदि उनका आईपीएल डील सफल होती है, तो वह संभवतः एक चैंपियनशिप मैच और दो टी20 ब्लास्ट मैच मिस करेंगे।
IPL में पहले भी खेल चुके हैं जॉनी बेयरस्टो
जॉनी बेयरस्टो ने आईपीएल के पांच सीजन को मिलाकर अब तक कुल 50 मैच खेले हैं। उन्होंने सन्नराइजर्स हैदराबाद (2019-21) और पंजाब किंग्स (2022 और 2024) का प्रतिनिधित्व किया है। लीग में अभी तक बेयरस्टो ने 34.54 की औसत और लगभग 145 के स्ट्राइक रेट से 1589 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं।