NZ vs SL : न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दिन श्रीलंका ने बनाया 300 से अधिक का स्कोर, प्रमुख बल्लेबाज की आक्रामक पारी 

New Zealand v Sri Lanka - 1st Test: Day 1
New Zealand v Sri Lanka - 1st Test: Day 1

न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच आज से दो मैचों के टेस्ट सीरीज (NZ vs SL) की शुरुआत हुई। क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे मुकाबले के पहले दिन स्टंप्स तक श्रीलंका ने 75 ओवर में 305/6 का स्कोर बना लिया था। क्रीज़ पर धनंजय डी सिल्वा 39 और कसून रजिता 7 रन बनाकर नाबाद। श्रीलंका की तरफ से कई बल्लेबाजों को बढ़िया शुरुआत मिली लेकिन शतक में कोई भी बल्लेबाज तब्दील नहीं कर पाया।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और टीम ने 14 के स्कोर पर ओशादा फर्नांडो का विकेट गंवाया। वह 13 रन पवेलियन लौटे। यहाँ से दिमुथ करुणानरत्ने और कुसल मेंडिस ने मोर्चा संभाला। इस दौरान मेंडिस ने तेजतर्रार बल्लेबाजी की और अपना अर्धशतक पूरा किया। इन दोनों के बीच लंच से पहले शतकीय साझेदारी पूरी हुई। लंच तक श्रीलंका ने 24 ओवर में 120/1 का स्कोर बना लिया था। मेंडिस 73 और करुणारत्ने 33 रन बनाकर नाबाद थे।

लंच के बाद श्रीलंका ने 150 रन पूरे किये। हालाँकि, यहाँ से उन्हें कुछ बड़े झटके लगे। मेंडिस 83 गेंदों में 87 रन बनाकर 151 के स्कोर पर आउट हुए। इसी स्कोर पर करुणारत्ने भी चलते बने। उन्होंने 50 रनों की पारी खेली। यहाँ बारिश का दखल देखने को मिला और खेल कुछ देर प्रभावित रहा। दोबारा खेल शुरू होने पर श्रीलंका ने 50वें ओवर में 200 रन पूरे किये। चाय तक श्रीलंका ने 50 ओवर में 209/3 का स्कोर बना लिया था। एंजेलो मैथ्यूज 28 और दिनेश चंडीमल 24 रन बनाकर नाबाद थे और दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी थी।

बारिश का फिर से दखल देखने को मिला। चाय के बाद जब खेल शुरू हुआ तो श्रीलंका ने चंडीमल का विकेट गंवाया और वह 39 रन बनाकर 233 के स्कोर पर आउट हुए। मैथ्यूज भी 47 रन बनाकर चलते बने। 268 के स्कोर पर निरोशन डिकवेला भी 7 रन के निजी स्कोर पर माइकल ब्रेसवेल का शिकार बने। खराब रौशनी के कारण खेल को पहले ही समाप्त करना पड़ा और पहले दिन पूरे ओवर नहीं हो पाए। न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने तीन और मैट हेनरी ने दो विकेट हासिल किये।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment