NZ vs SL : न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच पहले दिन का खेल बारिश से प्रभावित, कीवी ओपनर ने खेली शानदार पारी 

New Zealand v Sri Lanka - 2nd Test: Day 1
New Zealand v Sri Lanka - 2nd Test: Day 1

वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच आज से दूसरे टेस्ट (NZ vs SL) की शुरुआत हुई। पहले दिन का खेल बारिश की वजह से प्रभावित रहा और पूरे ओवर का खेल नहीं हुआ। स्टंप्स तक न्यूजीलैंड ने 48 ओवर में 155/2 का स्कोर बना लिया था। क्रीज पर केन विलियमसन और हेनरी निकोल्स की जोड़ी मौजूद थी और दोनों क्रमशः 26 और 18 रन बनाकर नाबाद थे। डेवन कॉनवे के बल्ले से भी एक बेहतरीन अर्धशतकीय पारी आई।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया लेकिन लंच तक एक भी गेंद का खेल नहीं हुआ। लंच के कुछ देर बार खेल शुरू हुआ। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही और टॉम लैथम और डेवन कॉनवे की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। न्यूजीलैंड ने अपना पहला विकेट लैथम के रूप में गंवाया। वह 21 रन बनाकर कसुन रजिता का शिकार बने और 87 के स्कोर पर आउट हुए। कॉनवे ने 93 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। चाय तक न्यूजीलैंड ने 32 ओवर में 109/1 का स्कोर बना लिया था। कॉनवे 73 और केन विलियमसन 3 रन बनाकर नाबाद थे।

चाय के बाद डेवन कॉनवे ज्यादा देर नहीं टिके और उनकी पारी का अंत हुआ। उन्होंने 78 रन बनाये और धनंजय डी सिल्वा का शिकार बने। यहाँ से विलियमसन को हेनरी निकोल्स का साथ मिला और दोनों ने स्टंप्स तक कोई नुकसान नहीं होने दिया। बाद लाइट की वजह से खेल जल्दी समाप्त हुआ।

गौरतलब है कि श्रीलंका के लिहाज से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज काफी महत्वपूर्ण थी लेकिन अब इस सीरीज के उतने मायने नहीं रह गए। क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले मुकाबले में एक बेहद रोमांचक मुकाबले की आखिरी गेंद पर न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की थी और श्रीलंका की फाइनल में जाने की उम्मीदों को खत्म कर दिया था। हालाँकि, श्रीलंकाई टीम चाहेगी कि यह टेस्ट मुकाबला जीतकर सीरीज को बराबरी पर समाप्त किया जाये।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment