हैरी ब्रूक ने तोड़ा पूर्व भारतीय बल्लेबाज का बड़ा रिकॉर्ड, बनाये सबसे तेज रन

Rahul
New Zealand v England - 2nd Test: Day 1
New Zealand v England - 2nd Test: Day 1

न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड (NZ vs ENG) के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला आज वेलिंग्टन में शुरू हुआ। कीवी टीम ने टॉस जीतकर मेहमान टीम को पहले बल्लेबाजी करने न्योता दिया। हालांकि इंग्लैंड टीम का टॉप ऑर्डर न्यूज़ीलैंड टीम की गेंदबाजी के आगे बिखर गया और पहले तीन विकेट 21 रन के स्कोर पर गिर गए। लेकिन उसके बाद पूर्व कप्तान जो रूट (Joe Root) और युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक (Harry Brook) ने मोर्चा संभाला। हैरी ब्रूक और जो रूट के बीच 294 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी हो चुकी है और इस दौरान ब्रूक टेस्ट करियर के अपने सबसे बड़े स्कोर 184 रनों पर खेल रहे हैं।

हैरी ब्रूक की तूफानी पारी ने कीवी टीम को दूसरे टेस्ट के पहले दिन धराशायी कर दिया है। पहले दिन का खेल बारिश की वजह से जल्दी खत्म करना पड़ा और इस दौरान हैरी ब्रूक 169 गेंदों पर 184 रन बनाकर क्रीज़ पर मौजूद रहे। हैरी ब्रूक ने अपनी धमाकेदार पारी में 24 चौके और 5 छक्के लगाये है। इस तूफानी पारी के चलते उन्होंने भारत के पूर्व बल्लेबाज विनोद काम्बली के एक बड़े रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है। टेस्ट करियर की पहली 9 पारियों में हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा रन बना लिए है। इससे पहले यह कीर्तिमान विनोद काम्बली के नाम था, जिन्होंने अपनी पहली 9 पारियों में 798 रन बनाये थे। हैरी ब्रूक के इस समय 807 रन हो गए है और कल फिर से वह बल्लेबाजी करने आयेंगे।

हैरी ब्रूक सबसे तेज चार शतक करने वाले छठे बल्लेबाज

हैरी ब्रूक की इस रिकॉर्ड पारी ने कई और कीर्तिमान हासिल किये है। टेस्ट फॉर्मेट में शुरूआती पारियों में सबसे तेज 4 शतक लगाने का रिकॉर्ड जॉर्ज हेडली, सुनील गावस्कर और विनोद काम्बली के नाम है, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर की 8 पारियों में यह कारनामा किया था। लेकिन अब इस लिस्ट में हैरी ब्रूक का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने 9 पारियों में यह रिकॉर्ड हासिल किया है जबकि दो और बल्लेबाज भी इस सूची में शामिल है। हर्बर्ट सूटक्लिफ और एवर्टन वीक्स ने भी 9-9 पारियों में 4 शतक जमाये थे।

Quick Links