IPL 2023 : 'MI में हार्दिक पांड्या और किरोन पोलार्ड की कमी पूरी कर रहा है ये खिलाड़ी', इरफान पठान की बड़ी प्रतिक्रिया

कैमरन ग्रीन, मुंबई इंडियंस (इमेज क्रेडिट - ट्विटर)
Photo Courtesy : IPL and Mumbai Indians

भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान (Irfan Pathan) का मानना है कि मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के नए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरून ग्रीन (Cameron Green) उनकी टीम में हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और किरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) की कमी पूरी कर रहे हैं। पांच बार आईपीएल जीतने वाली सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस इस साल अपने पुराने खिलाड़ियों को काफी मिस कर रही है।

भारत के ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 से पहले रिलीज किया था, जिसके बाद नई टीम गुजरात टाइटन्स ने उनके साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लिया और उन्हें कप्तान भी बना दिया। वहीं, वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर खिलाड़ी और मुंबई इंडियंस के पूर्व धाकड़ खिलाड़ी किरोन पोलार्ड ने भी अब आईपीएल से संन्यास ले लिया है और अब मुंबई के कोचिंग स्टाफ के साथ जुड़ गए हैं।

इरफान पठान ने जमकर की कैमरून ग्रीन की तारीफ

ऐसे में मुंबई की टीम अपने इन दोनों खिलाड़ियों को काफी मिस कर रही है, लेकिन इरफान पठान का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर ग्रीन काफी हद तक मुंबई के दोनों पूर्व खिलाड़ियों की कमी को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। कैमरन ग्रीन की तारीफ करते हुए इरफान ने स्टार स्पोर्ट्स क्रिकेट लाइव में कहा कि,

"कैमरून ग्रीन ने अब तक अपने प्राइस टैग को सही ठहराया है। वह मुंबई इंडियंस के लिए काफी लंबे वक्त तक के लिए खेलने वाले हैं। हार्दिक पांड्या और किरोन पोलार्ड के जाने के बाद मुंबई इंडियंस को एक ऑलराउंडर की जरूरत थी और ग्रीन इस कमी को पूरा कर रहे हैं।" "कैमरून ग्रीन विश्व क्रिकेट में अगला सुपरस्टार बनने जा रहे हैं। वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और हम उन्हें आगे भी देखते रहेंगे क्योंकि वह हर एक गुजरते दिन के साथ अपने खेल में सुधार करते जा रहे हैं।"

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल ऑक्शन 2023 में कैमरून ग्रीन पर काफी बड़ा दांव लगाया था। मुंबई ने इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को 17.5 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया था। 23 वर्षीय कैमरून ने अभी तक 7 मैचों में 49.75 की औसत से कुल 199 रन बनाए हैं और 5 विकेट भी चटकाए हैं। अब देखना होगा कि बाकी के बचे आधे आईपीएल सीजन में कैमरून ग्रीन मुबई इंडियंस के लिए क्या कमाल करते हैं।

Quick Links