IPL 2023 : रोहित शर्मा ने टी20 में पूरे किए 11,000 रन, मुंबई इंडियंस के लिए बनाया रनों का नया रिकॉर्ड

रोहित शर्मा, मुंबई इंडियंस (इमेज - बीसीसीआई/आईपीएल)
Photo Courtesy : IPL Website and BCCI

भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) और मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने टी-20 फॉर्मेट में कुछ नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। आईपीएल 2023 के 69वें मैच में रोहित शर्मा की टीम मुंबई इंडियंस का मैच सनराइज़र्स हैदराबाद (SRH) के साथ था। उस मैच में रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए अपने 5000 रन पूरे किए और टी-20 फॉर्मेट में कुल मिलाकर 11,000 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया। आइए हम आपको रोहित शर्मा के इन रिकॉर्ड्स के बारे में विस्तार से बताते हैं।

रोहित ने टी-20 में बनाए 11,000 से ज्यादा रन

रोहित शर्मा के टोटल टी-20 रन की बात करें तो अब उनके नाम कुल 11,016 रन हो गए हैं। रोहित शर्मा 2007 से टी-20 क्रिकेट खेल रहे हैं। रोहित ने अभी तक में कुल 421 मैच खेले हैं, जिनकी 408 पारियों में उन्होंने 30.68 की औसत और 133.57 की स्ट्राइक रेट से 11,016 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित ने 6 शतक और 74 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने अपने टी-20 करियर में कुल 987 चौके और 478 छक्के भी लगाए हैं।

रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2011 से खेलना शुरू किया था। उस सीजन से लेकर अभी तक में रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए कुल 196 मैचों की 192 पारियों में 29.54 की औसत और 129.80 की स्ट्राइक रेट से 5022 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 109 रनों का रहा है। रोहित ने मुंबई के लिए 1 शतक और 34 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि इस दौरान वह कुल 22 बार नाबाद भी रहे हैं। हिटमैन ने मुंबई इंडियंस के लिए 456 चौके और 205 छक्के लगाए हैं।

आपको बता दें कि रोहित शर्मा की आईपीएल टीम ने आईपीएल 2023 में प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उन्होंने अपने आखिरी लीग मैच में सिर्फ 18 ओवर में 201 रन बनाकर सनराइज़र्स हैदराबाद को हरा दिया। इस मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 200 रन बनाए थे। मुंबई की टीम ने 18वें ओवर में इस स्कोर का पीछा कर लिया। मुंबई की ओर से रोहित शर्मा ने 37 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेली और कैमरन ग्रीन ने 47 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेलकर एक शतक भी लगा दिया।

Quick Links

Edited by Rahul