IPL 2024: पहले मुकाबले में सीएसके से टक्कर के लिए आरसीबी के कप्तान उत्साहित, शेयर की खास स्टोरी

(Photo Courtesy: RCB Twitter)
(Photo Courtesy: RCB Twitter)

फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानि आईपीएल (IPL) का आगाज समेत पहले दौर के पूरे शेड्यूल का एलान आज कर दिया गया है। इस बार इस ग्रैंड लीग की शुरुआत 22 मार्च से होने वाली है। पहले मुकाबले में पिछली बार की चैंपियन महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स का सामना फाफ डू प्लेसी के रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच चेन्नई के चेपॉक क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए फैंस की तरह आरसीबी के कप्तान भी काफी उत्सुक हैं। उन्होंने इस मुकाबले को लेकर एक खास स्टोरी सोशल मीडिया पर शेयर की है।

रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर के कप्तान और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज फाफ डू प्लेसी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर की है। इस स्टोरी में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के साथ एक फोटो शेयर की है। दोनों की यह फोटो पिछले आईपीएल के पिछले सीजन की की है। इस फोटो में दोनों अपनी टीम की जर्सी में बैंग्लोर के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में नजर आ रहे हैं। इस स्टोरी को शेयर करते हुए फाफ ने सीएसके के साथ पहले मुकाबले के लिए अपनी खुशी भी जाहिर की है। उन्होंने लिखा कि क्या शानदार पहला मुकाबला है यह काफी धमाकेदार होगा।

फाफ की इस स्टोरी से समझा जा सकता है कि वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2024 के पहले मैच के लिए कितने उत्साहित हैं। दरअसल, फाफ लंबे समय तक महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं।

दूसरी ओर फैंस अपने चहेते महेंद्र सिंह धोनी को एक बार फिर से मैदान पर देखने के लिए बेचैन हैं। अब आईपीएल के शेड्यूल के ऐलान के बाद फैंस की बेताबी और बढ़ गई है। पिछले सीजन महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल का खिताब अपन नाम किया था।

Quick Links

App download animated image Get the free App now