IPL 2024 : हार्दिक पांड्या को बनाया गया मुंबई इंडियंस का कप्तान, रोहित शर्मा की हुई छुट्टी

Photo Courtesy : BCCI/IPL
Photo Courtesy : BCCI/IPL

आईपीएल 2024 (IPL 2024) का मिनी ऑक्शन अब से 4 दिन बाद 19 दिसम्बर को आयोजित किया जायेगा, लेकिन इस अहम आयोजन से पहले मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को अपनी टीम का कप्तान चुन लिया है। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के स्थान पर हार्दिक पांड्या आगामी सीजन में 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई की अगुवाई करेंगे। गुजरात टाइटन्स (Gujarat Titans) के साथ मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में ट्रेड किया था और अब उन्हें कप्तानी की भी जिम्मेदारी दे दी है।

हार्दिक पांड्या के नाम की घोषणा करते हुए मुंबई के ग्लोबल हेड ऑफ़ परफोर्मेंस, महेला जयवर्धने ने कहा कि, 'मुंबई इंडियंस को सचिन तेंदुलकर से लेकर हरभजन सिंह और रिकी पोंटिंग से लेकर रोहित शर्मा तक हमेशा असाधारण नेतृत्व का मौका मिला है, जिन्होंने तत्काल सफलता में योगदान देने के साथ-साथ भविष्य के लिए टीम को मजबूत करने पर भी नजर रखी। इसी विचारधारा के अनुरूप हार्दिक पंड्या आईपीएल 2024 सीज़न के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालेंगे।'

महेला जयवर्धने ने रोहित की कप्तानी का आभार जताया

रोहित शर्मा ने साल 2013 के मध्य में मुंबई की कप्तानी संभाली थी और उनकी कप्तानी में टीम ने 11 सीजन में से 5 अपने नाम किये। इसलिए जयवर्धने ने रोहित की लीडरशिप को लेकर कहा कि, '2013 से मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में उनका कार्यकाल किसी से कम नहीं रहा। उनके नेतृत्व ने न केवल टीम को कई सफलता दिलाई है बल्कि आईपीएल इतिहास में सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक के रूप में अपनी जगह भी उन्होंने मजबूत की है। रोहित के मार्गदर्शन में, मुंबई इंडियंस अब तक की सबसे सफल और पसंदीदा टीमों में से एक बन गई। हम मुंबई को और मजबूत करने के लिए मैदान के अंदर और बाहर उनके मार्गदर्शन और अनुभव की मदद लेंगे। हम हार्दिक पंड्या का नए कप्तान के रूप में टीम में स्वागत करते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।'

Quick Links

App download animated image Get the free App now