IPL 2024 : MI के खिलाड़ियों को मिली 'सुपरमैन सूट' की मजेदार सजा, फ्रैंचाइजी ने जारी किया जबरदस्त वीडियो

Photo Courtesy : IPL Website
Photo Courtesy : IPL Website

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का प्रदर्शन आईपीएल (IPL 2024) में अभी तक निराशाजनक ही रहा है। पहले तीन मुकाबलों में टीम को हार मिली है। हालांकि इन सभी के बीच मुंबई इंडियंस के खेमे में खिलाड़ियों के बीच एकजुटता देखने को मिल रही है। विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन, कुमार कार्तिकेय, शम्श मुलानी और नुवान तुषारा को एक अनोखी सजा मिली है। दरअसल, पिछले कई सालों से मुंबई की टीम में मीटिंग, बस में देरी से आने वाले खिलाड़ियों के लिए जम्प सूट और अलग तरह की पोशाक पहनाकर सजा दी जाती है।

ऐसा ही इन खिलाड़ियों के साथ भी हुआ है। मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें इशान किशन समेत सभी खिलाड़ी सुपर मैन जम्प सूट को पहने नजर आये और फ्लाइट में जाते हुए दिखे। फ्रैंचाइज़ी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि जम्पसूत पनिशमेंट वापस लौट आया है।

मुंबई इंडियंस के लिए इशान किशन का प्रदर्शन अभी तक हुए तीन मुकाबलों में बेहद ही खराब रहा है। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ इशान खाता भी नहीं खोल पाए तो सनराइजर्स के खिलाफ 34 रनों की पारी खेली और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी केवल 16 रन बनाये जबकि कुमार कार्तिकेय और नुवान तुषारा को अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है। शम्स मुलानी को शुरुआती दो मुकाबलों में खेलने का मौका मिला। उन्होंने गेंदबाजी में कुछ कमाल नहीं किया, तो बल्लेबाजी में उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने का मौका नहीं मिल पाया।

मुंबई इंडियंस अपने अगले तीन मुकाबले अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी। 6 दिन के ब्रेक के बाद दिल्ली कैपिटल्स के साथ मुंबई का मुकाबला 7 अप्रैल को खेला जायेगा। जबकि 11 और 14 अप्रैल को भी इंडियंस का सामना क्रमशः रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा। नए कप्तान हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई आईपीएल के 17वें सीजन में वापसी करना चाहेगी।

Quick Links