WPL Auction : RCB में जाने के बाद आया स्मृति मंधाना का रिएक्शन, साथी खिलाड़ी झूम उठे

Photo Courtesy : Jio Cinema Snapshots
Photo Courtesy : Jio Cinema Snapshots

WPL 2023 के लिए मुंबई में चल रहे ऑक्शन के पहले सेट में मार्की खिलाड़ियों के लिए बोली लगी। महिला प्रीमियर लीग में टीम इंडिया (Team India) की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) सबसे पहली खिलाड़ी के रूप में बिकी और उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 3 करोड़ 40 लाख में खरीदा है। स्मृति मंधाना के बैंगलोर में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर काफी सारी प्रतिक्रियाएं आई हैं। इसी बीच दक्षिण अफ्रीका में टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए मौजूद स्मृति मंधाना का भी रिएक्शन देखने को मिला है।

जियो सिनेमा ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्मृति मंधाना और टीम इंडिया के साथी खिलाड़ी इस नीलामी पर नजर बनाये हुए थे। इस वीडियो में जैसे-जैसे मंधाना के नाम पर बोली लग रही थी, वैसे ही उनकी और साथी खिलाड़ियों की ख़ुशी देखने को मिल रही थी। अंत में जब आरसीबी ने स्मृति मंधाना को खरीदा तो वह अपनी कुर्सी से खड़ी हो गईं और बाकी भारतीय खिलाड़ियों के साथ ख़ुशी मनाने लगीं। ऐसे में सभी युवा और अनुभवी खिलाड़ियों ने उन्हें शुभकामनायें दी।

स्मृति मंधाना का बेस प्राइस 50 लाख था और उनका नाम सबसे पहले ऑक्शन में आया। भारतीय ओपनर के लिए सबसे पहले मुंबई इंडियंस ने बोली लगाई और उसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने भी हिस्सा लिया। इन दोनों टीमों के बीच लम्बी जद्दोजहद चली और अंत में आरसीबी ने बाजी मारी और 3 करोड़ 40 लाख में अपनी टीम में शामिल कर लिया।

स्मृति मंधाना फ़िलहाल टीम इंडिया की उपकप्तान है और दक्षिण अफ्रीका में टीम इंडिया का विश्व कप में प्रतिनिधित्व कर रही है। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ हुए पहले मुकाबले में वह चोट के चलते नहीं खेली थीं। इसके अलावा भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर को 1 करोड़ 80 लाख में मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम ने शामिल किया है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now