इंग्लैंड के कप्तान का अनोखा शतक, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाज भी नहीं कर पाए ऐसा

ओली पोप ने विराट कोहली को भी छोड़ा पीछे
ओली पोप ने विराट कोहली को भी छोड़ा पीछे

Ollie Pope Big Record In Test Cricket : इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच लंदन में तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच में भी इंग्लैंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 221 रन बना लिए हैं। पहले दिन स्टंप्स के समय कप्तान ओली पोप 103 और हैरी ब्रूक 8 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं इंग्लैंड टीम की कप्तानी कर रहे ओली पोप ने एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। आज तक कोई भी बल्लेबाज ऐसा रिकॉर्ड नहीं बना पाया है। यहां तक कि भारत के विराट कोहली और रोहित शर्मा भी यह कारनामा नहीं कर पाए हैं।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम को पहला झटका 45 रन के स्कोर पर लगा। सलामी बल्लेबाज डेनियल लारेंस सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बेन डकेट और जो रूट ने पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 95 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। बेन डकेट ने 79 गेंद पर 9 चौके और 2 छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 86 रन बनाए। हालांकि शानदार फॉर्म में चल रहे जो रूट इस पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। वो 48 गेंद पर मात्र 13 रन ही बना सके।

ओली पोप ने 7 अलग-अलग देशों के खिलाफ लगाया टेस्ट शतक

इंग्लैंड के कप्तान ओली पोप ने जरूर इस दौरान बेहतरीन शतक लगाया। वो 103 गेंद पर 13 चौके और 2 छक्के की मदद से 103 रन बनाकर खेल रहे हैं। इसके साथ ही उनके नाम एक बड़ी उपलब्धि भी दर्ज हो गई है। ओली पोप का टेस्ट क्रिकेट में यह सातवां शतक है। उन्होंने यह सातों शतक अलग-अलग टीमों के खिलाफ लगाए हैं। वो टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने अपने पहले सात शतक सात अलग-अलग देशों के खिलाफ लगाए हैं। इसी वजह से उनका यह शतक काफी खास हो जाता है।

अगर ओली पोप के शतकों की बात करें तो उन्होंने सबसे पहले 2020 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा था। उन्होंने उस मैच में नाबाद 135 रन बनाए थे। इसके बाद न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, भारत और वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक जड़ा। अब श्रीलंका के खिलाफ भी शतक लगा दिया है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now