रणजी ट्रॉफी 2018-19, चौथा राउंड: पहले दिन का राउंड अप

Enter caption

रणजी ट्रॉफी 2018-19 का तीसरा राउंड आज से शुरु हुआ। पहले दिन कुल मिलाकर गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। मिजोरम के खिलाफ खेलते हुए पंकज सिंह ने 7 विकेट चटकाए, तो दिल्ली के खिलाफ सिद्धार्थ कौल ने 6 विकेट चटकाए। भारतीय टीम से बाहर चल रहे गौतम गंभीर और इरफान पठान फ्लॉप रहे। इसके अलावा पंजाब के लिए दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह अभी भी 16 रन बनाकर नाबाद हैं।

आइये नज़र डालते हैं पहले दिन के खेल के राउंड-अप पर:

# एलीट ग्रुप ए:

मैसूर में पहले दिन कर्नाटक के खिलाफ महाराष्ट्र अपनी पहली पारी में 113 रन बनाकर ऑलआउट हो गए। दिन का खेल समाप्त होने तक कर्नाटक ने 3 विकेट के नुकसान पर 70 रन बना लिए थे।

राजकोट में बड़ौदा के खिलाफ पहले दिन सौराष्ट्र ने 266-6 का स्कोर बनाया। अर्पित वसावड़ा ने 120 रनों की शानदार पारी खेली।

रायपुर में विदर्भ के खिलाफ पहले दिन छत्तीसगढ़ ने 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। कप्तान हरप्रीत सिंह ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए।

मुंबई में गुजरात के खिलाफ मुंबई की टीम अपनी पहली पारी में 297 रनों पर ऑलआउट हो गई। शिवम दूबे ने 110 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली।

# एलीट ग्रुप बी:

दिल्ली में पंजाब के खिलाफ दिल्ली की पहली पारी सिर्फ 107 रनों पर सिमट गई। दिन का खेल समाप्त होने तक पंजाब ने 136-3 का स्कोर बना लिया था। दिल्ली के लिए गौतम गंभीर सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, तो पंजाब के लिए सिद्धार्थ कौल ने 6 विकेट चटकाए। युवराज सिंह अभी भी 16 रन बनाकर नाबाद हैं, कल उनसे शतकीय पारी की उम्मीद होगी।

हैदराबाद में पहले दिन हिमाचल प्रदेश ने हैदराबाद के खिलाफ 231-4 का स्कोर बनाया। प्रशांत चोपड़ा ने 110 रन बनाए।

तिरुवनंतपुरम में पहले दिन मध्य प्रदेश के खिलाफ केरल अपनी पहली पारी में सिर्फ 63 रन ही बना पाए। दिन का खेल खत्म होने तक मध्य प्रदेश ने 2 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए।

चेन्नई में पहले दिन बंगाल के खिलाफ तमिल नाडु ने 218-7 का स्कोर बनाया। अशोक डिंडा को एक भी विकेट नहीं मिला, तो तमिलनाडु के लिए बाबा अपराजित अभी भी 81 रन बनाकर खेल रहे हैं।

# एलीट ग्रुप सी:

कटक में ओड़िसा के खिलाफ त्रिपुरा की पहली पारी 122 रनों पर सिमटी। दिन का खेल समाप्त होने तक ओड़िसा ने 101-3 का स्कोर बनाया। ओड़िसा के लिए सूर्याकांत प्रधान ने 7 विकेट लिए।

पोरवोरिम में झारखंड के खिलाफ गोवा ने पहले दिन 2 विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाए। अमित वर्मा 131 रन बनाकर खेल रहे हैं।

दिल्ली में सेना के खिलाफ पहले दिन जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 95 रनों पर सिमट गई। दिन का खेल खत्म होने तक सेना ने 131-3 का स्कोर बनाया। इरफान पठान गेंद और बल्ले दोनों के साथ विफल रहे।

कानपूर में उत्तरप्रदेश के खिलाफ पहले दिन राजस्थान ने 221-5 का स्कोर बनाया। यूपी के लिए अंकित राजपूत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए।

गवहाटी में हरियाणा के खिलाफ असम ने 215-6 का स्कोर बनाया। गोकुल शर्मा अभी भी 51 रन बनाकर खेल रहे हैं।

प्लेट ग्रुप:

गोलपारा में उत्तराखंड के खिलाफ अरुणाचल प्रदेश की पहली पारी 105 रनों पर सिमट गई। दिन का खेल समाप्त होने तक उत्तराखंड ने 176-3 का स्कोर बनाया।

पटना में सिक्किम के खिलाफ बिहार ने पहले दिन 244-7 का स्कोर बनाया। विवेक मोहन 77 और अमन 63 रन बनाकर खेल रहे हैं।

कोलकाता में पहले दिन मेघालय के खिलाफ मणिपुर पहली पारी में 211 रन बनाकर ऑलआउट हो गए। इसके जवाब में मेघालय ने 82-1 का स्कोर बनाया।

पुडुचेरी में पहले दिन मिजोरम की टीम 92 रनो पर सिमट गई। इसके जवाब में पुडुचेरी ने 163-3 का स्कोर बनाया। पुडुचेरी के लिए पंकज सिंह ने 7 विकेट चटकाए।

क्रिकेट की ब्रेकिंग न्यूज़ और ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें

Quick Links

Edited by मयंक मेहता