भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्या 2019 विश्व कप में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर आजकल काफी चर्चा हो रही है। हालांकि भारतीय टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने अब इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने लगभग स्प्ष्ट कर दिया है कि धोनी 2019 विश्व कप में जरुर खेलेंगे।
एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत में रवि शास्त्री ने कहा कि ' धोनी इस वक्त जिस फॉर्म में चल रहे हैं और जिस तरह से उनका फिटनेस है, उसे देखते हुए टीम मैनेजमैंट कतई उन्हे टीम से नहीं निकालना चाहेगी। शास्त्री ने कहा कि धोनी सीमित ओवरों के सबसे अच्छे विकेटकीपर हैं।
शास्त्री ने आगे कहा कि ' एक खिलाड़ी की तुलना उसके वर्तमान फॉर्म और फिटनेस को लेकर होती है और धोनी के अंदर वो दोनों हैं। अगर आप उनकी विकेटकीपिंग को देखें तो एकदिवसीय क्रिकेट में वो सबसे बेहतरीन विकेटकीपर हैं। शास्त्री ने कहा कि उनकी फिटनेस इस वक्त काफी अच्छी है और जिस तरह से उन्होंने श्रीलंका में बल्लेबाजी की वो महज एक ट्रेलर है , पूरी फिल्म अभी बाकी है। उसका इंतजार करिए।
शास्त्री ने कहा कि अगर धोनी का यही फॉर्म और फिटनेस बरकरार रहा तो निश्चित ही वो 2019 विश्व कप की टीम का हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि अगर धोनी इसी तरह खेलते रहे तो उनको टीम में नहीं लेने का सवाल ही नहीं उठता। धोनी के बिना आप टीम की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं।
शास्त्री ने श्रीलंका में धोनी के बेहतरीन प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और कहा कि धोनी के अंदर अभी काफी क्रिकेट बाकी है। महान सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और कपिल देव से धोनी की तुलना पर शास्त्री ने कहा कि धोनी ने अभी तक अपने करियर में जो कुछ भी हासिल किया है उसके लिए उनका सम्मान किया जाना चाहिए।
शास्त्री ने ये भी कहा कि टीम में किसी भी खिलाड़ी की वापसी के लिए दरवाजे बंद नहीं हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृखंला में कुछ खिलाड़ियों को आराम दिए जाने को लेकर उन्होंने ये बात कही।
आपको बता दें हाल ही में
श्रीलंका के खिलाफ महेंद्र सिंह धोनी ने अपना 300वां एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था। इसके अलावा
एकदिवसीय इतिहास में 100 स्टंपिंग करने वाले वो विश्व के इकलौते विकेटकीपर बन गए हैं। धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 162 रन भी बनाए थे।
Published 14 Sep 2017, 12:40 IST