Rohit Sharma Jethani of Team India: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों के बीच का रिश्ता काफी अलग दिखाई देता था। खासतौर से जब रोहित तीनों फॉर्मेट में कप्तानी कर रहे थे तो वह अपने खिलाड़ियों से काफी जुड़े हुए रहते थे। रोहित का मजाकिया अंदाज किसी से छुपा नहीं है और मैदान पर वह कितने गंभीर रहते हैं यह भी सबने देखा है। कपिल शर्मा के शो पर एक सवाल पूछा गया जिसका जवाब देते हुए ऋषभ पंत ने रोहित को भारतीय टीम की जेठानी करार दिया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
इंग्लैंड के दौरे पर जाने से पहले पंत के साथ भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और अभिषेक शर्मा तथा युजवेंद्र चहल कपिल के शो पर गए थे। इस दौरान सभी ने काफी बातचीत की। कपिल ने शो में पूछा की टीम इंडिया में जेठानी का रोल कौन करता है और कौन सा वह खिलाड़ी है जो सारे फैसले लेता है। इसका जवाब देते हुए पंत ने रोहित शर्मा का नाम लिया और बोला ऐसा तो रोहित भाई ही करते हैं। पंत का जवाब सुनने के बाद हर कोई हंसने लगा। इस पर गंभीर ने जो प्रतिक्रिया दी वह और भी मजेदार थी। गंभीर ने तुरंत ही बोला कि अब तो वह रिटायर हो गया है, उसका नाम ले लो।
रोहित की कप्तानी में भारत ने 2023 में टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद इस साल की शुरुआत में उनकी ही कप्तानी में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी। हालांकि रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी। इसके बाद से ही उनके टेस्ट करियर को लेकर सवाल खड़े होने लगे थे। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों में बुरी तरह फेल होने के बाद रोहित का इस फॉर्मेट में भविष्य खतरे में दिखाई पड़ रहा था। इंग्लैंड का दौरा आने के काफी पहले ही रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया था। हालांकि वह अब भी वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम के कप्तान बने हुए हैं।