Rohit Sharma Birthday Special : 'हिटमैन' ने वर्ल्ड कप में किया है राज, भारतीय कप्तान के आंकड़े देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान

रोहित शर्मा का आज जन्मदिन है
कप्तान रोहित शर्मा का आज जन्मदिन है

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का आज जन्मदिन है। रोहित शर्मा 37 साल के हो गए हैं और आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। रोहित शर्मा के जन्मदिन के मौके पर कई दिग्गज क्रिकेटरों ने उन्हें बधाई दी है। युवराज सिंह समेत कई सारे क्रिकेटर्स ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। भारतीय कप्तान के जन्मदिन के मौके पर हम आपको उनके तीन वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड्स के बारे में बताते हैं कि आखिर किस तरह रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप में पूरी तरह से अपना दबदबा बनाकर रखा है।

वर्ल्ड कप 2015 में रोहित शर्मा का प्रदर्शन

सबसे पहले बात हम 2015 वर्ल्ड कप की करते हैं। वो रोहित शर्मा का पहला वर्ल्ड कप था लेकिन उनका बल्ला जमकर बोला था। बांग्लादेश के खिलाफ उनकी बेहतरीन पारी को भला कौन भूल सकता है। उस वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा ने 47.14 की औसत और 91.67 के स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए थे। इस दौरान रोहित शर्मा ने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाया था। अपने पहले ही वर्ल्ड कप में इस तरह का प्रदर्शन काबिलेतारीफ है।

वर्ल्ड कप 2019 में बनाए सबसे ज्यादा रन

अब हम बात करते हैं 2019 वर्ल्ड कप की जो रोहित शर्मा के लिए सबसे बेहतरीन वर्ल्ड कप साबित हुआ। टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक पहुंची और इसमें रोहित शर्मा का योगदान काफी अहम रहा। उन्होंने कुल मिलाकर पांच शतक इस वर्ल्ड कप में लगाए जो किसी एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड है। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में 81 की औसत से रन बनाए। रोहित शर्मा ने 9 पारियों में कुल मिलाकर 648 रन बनाए थे और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

वर्ल्ड कप 2023 में भी जमकर गरजा रोहित शर्मा का बल्ला

वर्ल्ड कप 2023 में भी रोहित शर्मा का बल्ला जमकर बोला। इस बार उन्होंने क्रीज पर ज्यादा देर टिकने की बजाय ताबड़तोड़ बैटिंग पर भरोसा जताया। इसी वजह से कई मैचों में टीम इंडिया को काफी धुआंधार शुरुआत मिली। रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप 2023 में 54.27 की औसत और सबसे खास बात 125.95 की औसत से 597 रन बनाए। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल तक का सफर तय किया था।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
App download animated image Get the free App now