Big Indian Players Flopped in Start IPL 2025: आईपीएल के 18वें सीजन का रोमांच अब धीरे-धीरे बढ़ता चला जा रहा है। इस मेगा इवेंट के मौजूदा सीजन की शुरुआत 22 मार्च से हुई थी और अब तक टूर्नामेंट में 10 मैच (शनिवार तक) हो चुके हैं। इस दौरान सिर्फ आरसीबी इकलौती ऐसी टीम है, जिसने अपने दोनों मैच जीते हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस को अब भी पहली जीत की तलाश है।
पिछले एक हफ्ते में कई खिलाड़ियों ने अपने उम्दा प्रदर्शन के जरिए फैंस का दिल जीता है और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, इस दौरान काफी सारे खिलाड़ी ऐसे भी रहे, जो फ्रेंचाइजी के साथ-साथ फैंस की उम्मीदों पर भी खरे नहीं उतरे। इस आर्टिकल में हम भारतीय टीम के उन 3 बड़े खिलाड़ियों के बारे में बात करेंगे, जो IPL 2025 के पहले हफ्ते में बुरी तरह फ्लॉप हुए हैं।
3. हार्दिक पांड्या (मुंबई इंडियंस)
दाएं हाथ के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं। बैन के चलते वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए पहले मैच में नहीं खेल पाए थे। लेकिन गुजरात टाइटंस के विरुद्ध हुए मैच में वह MI की प्लेइंग 11 का हिस्सा बने। हालांकि, उनके आने से टीम को कोई भी फायदा नहीं हुआ। पांड्या ने भले ही गेंदबाजी बढ़िया की, लेकिन बतौर बल्लेबाज वह फिसड्डी साबित हुए। पांड्या ने 17 गेंदों पर सिर्फ 11 रन बनाए। अपनी इस धीमी पारी की वजह से वह फैंस द्वारा सोशल मीडिया पर टारगेट भी हुए।
2. ऋषभ पंत (लखनऊ सुपर जायंट्स)
आईपीएल 2025 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत को 27 करोड़ की मोटी रकम में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, सीजन के पहले दोनों मैचों में इस 27 करोड़ी खिलाड़ी का बल्ला पूरी तरह से शांत नजर आया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बाएं हाथ का ये बल्लेबाज डक पर आउट हुआ था। वहीं, SRH के खिलाफ पंत 15 रन का ही योगदान दे पाए थे।
1. रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस)
रोहित शर्मा जिस तरह के बड़े खिलाड़ी हैं, वो उस हिसाब से IPL 2025 के पहले हफ्ते में परफॉर्म नहीं कर पाए हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान अपनी फॉर्म को हासिल करने के लिए जूझते नजर आए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए मैच में हिटमैन अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। वहीं, गुजरात टाइटंस के खिलाफ उनके बल्ले से 8 रन निकले थे। ये भी एक बड़ी वजह रही है कि मुंबई इंडियंस अब तक इस सीजन में जीत का स्वाद चखने से वंचित है।