Anil Chaudhary denied ball tampering claim in CSK vs MI: चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2025 में अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ बड़ी आसानी से जीता था। हालांकि, उनकी जीत के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ जिसके बाद काफी चर्चा शुरू होने लगी। इस वीडियो में खलील अहमद और रुतुराज गायकवाड़ दिखाई दिए जो जेब से कुछ निकाल और रख रहे थे। इसके बाद फैंस ने दोनों के ऊपर गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। अब काफी अनुभवी भारतीय अंपायर अनिल चौधरी ने इस मामले को निराधार बताते हुए वीडियो को ही एडिटेड बता दिया है।
स्पोर्ट्सयारी के साथ बात करते हुए उन्होंने कहा, मैंने भी वो वीडियो देखा। मेरे को सुबह ही किसी ने ब्रेकफास्ट के समय दिखाया। नहीं, मुझे ठीक नहीं लग रहा। वो किसी ने बना के वीडियो डाल दिया। आजकल आपको पता है किस तरह से कहां से क्या निकालते हैं? मुझे कुछ गड़बड़ नहीं लग रहा क्योंकि मैंने सुबह ब्रेकफास्ट पर देखा तो मुझे तो ठीक ही लगा। मुझे तो कहीं ना कोई सैंडपेपर दिखा, ना कुछ और दिखा। ये मेरे हिसाब से बनाया हुआ है। आपको पता है कि लोग कैसे पीछे पड़ते हैं।
अनिल का ये भी मानना है कि लोग अपनी दुकान चलाने के लिए कुछ ना कुछ एंगल खोजते रहते हैं। उन्होंने पूरे भरोसे के साथ कहा है कि ये सब केवल बनाई हुई कहानियां हैं।
बिना किसी बात के कोई एंगल निकाल के पता नहीं क्या दिखाना चाह रहे है। मैंने देखा मुझे तो कुछ समझ नहीं आ रहा है। इस वीडियो में ऐसा की क्या हो रहा है? नहीं नहीं वो मेरे हिसाब से बनाई हुई स्टोरी है। वो कुछ ढूंढ़ते हैं लोग आपको पता है। कुछ लोगों का धंधा ऐसे चलता है। वो ठीक नहीं है।
अनिल ने अब अंपायरिंग से रिटायरमेंट ले ली है और वह इस बार IPL में हरियाणवी में कमेंट्री करते हुए दिख रहे हैं। हालांकि, वह विदेशी लीग्स में अंपायरिंग करना जारी रखेंगे। वह IPL के पहले सीजन से लेकर 17वें सीजन तक लगातार अंपायरिंग करते हुए दिखे थे। उन्हें केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के सबसे अनुभवी अंपायर्स में से एक माना जाता है।