विराट कोहली को लेकर दिए गए बयान के लिए रमीज राजा के ऊपर पाकिस्तान के ही पूर्व क्रिकेटर ने साधा निशाना

रमीज राजा के ऊपर सलमान बट्ट ने साधा निशाना
रमीज राजा के ऊपर सलमान बट्ट ने साधा निशाना

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ रमीज राजा ने हाल ही में विराट कोहली (Virat Kohli) और बाबर आजम (Babar Azam) को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि बाबर आजम की पाकिस्तान में काफी आलोचना होती है, जबकि भारत के लोग विराट कोहली की उतनी आलोचना नहीं करते हैं। उनके इस बयान के बाद पूर्व क्रिकेटर सलमान बट्ट ने रमीज राजा के ऊपर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि इस बयान का कोई मतलब ही नहीं निकलता है।

दरअसल बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के लिए लगातार रन बना रहे हैं। हालांकि इन बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट उतना अच्छा नहीं रहता है। इसी वजह से पाकिस्तानी फैंस इनकी जमकर आलोचना करते हैं। हाल ही में पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ हार का भी सामना करना पड़ा। इसी वजह से कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी पाकिस्तान की काफी आलोचना की और टी20 वर्ल्ड कप टीम पर भी सवाल उठाए।

रमीज राजा के मुताबिक पाकिस्तान टीम की आलोचना ज्यादा होती है। उन्होंने इसके लिए टीम इंडिया और विराट कोहली का उदाहरण दिया। रमीज राजा के मुताबिक भारतीय फैंस अपने प्लेयर्स और खिलाड़ियों की उतनी आलोचना नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम फाइनल में नहीं पहुंच पाई, इसके लिए तो उनकी काफी आलोचना होनी चाहिए थी लेकिन उनके फैंस और मीडिया ने ऐसा नहीं किया। जब विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाया तो उनके फैंस पूरा एशिया कप भूल गए। क्या हम कभी ऐसा करेंगे ? हम कहते हैं कि बाबर आजम ने शतक लगाया लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 135 का ही था।

रमीज राजा सही से उदाहरण भी नहीं दे पाए - सलमान बट्ट

वहीं सलमान बट्ट ने रमीज राजा के इस बयान की आलोचना की है। उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा,

आप सही से उदाहरण भी नहीं दे पा रहे हैं। विराट कोहली दुनिया का टॉप प्लेयर है। उसके 70 से ज्यादा शतक हैं। मेरे हिसाब से रमीज राजा काफी निराश हैं। शायद उन्हें कुछ ऐसी खबर मिली है जो बाकी लोगों को कुछ दिन बाद मिलेगी। उन्होंने और भी कई बात की जिनका कोई लॉजिक ही नहीं था।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता