शिखर धवन छक्कों के मामले में तोड़ सकते हैं रोहित शर्मा का रिकॉर्ड, विराट कोहली का कीर्तिमान भी निशाने पर

Nitesh
शिखर धवन
शिखर धवन

भारतीय टीम (Indian Cricket Team) के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान दो बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। शिखर धवन श्रीलंका के खिलाफ टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं और इस मामले में वो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं। इसके अलावा वो छक्कों के मामले में रोहित शर्मा का भी रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

शिखर धवन श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम के कप्तान हैं। ऐसे में उनके पास श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का सुनहरा मौका है। वो भारतीय कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं।

विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 7 टी20 पारियों में 84.75 की शानदार औसत से 339 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 140.66 का रहा है। शिखर धवन के पास विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। उन्होंने विराट कोहली से तीन मैच ज्यादा 10 मुकाबले खेले हैं और कुल 335 रन श्रीलंका के खिलाफ टी20 में बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका औसत 41.87 का है और स्ट्राइक रेट 135.62 का है। उनके नाम तीन अर्धशतक दर्ज हैं।

शिखर धवन और विराट कोहली के अलावा रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतर्राष्ट्रीय में 289 रन, के एल राहुल ने 295 और सुरेश रैना ने 265 रन बनाए हैं।

शिखर धवन श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं

इसके अलावा शिखर धवन एक और मामले में बड़ा रिकॉर्ड बना सकते हैं। धवन श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी बना सकते हैं। इस मामले में अभी वो दूसरे पायदान पर हैं।

धवन वैसे तो छक्के मारने की तुलना में चौके ज्यादा लगाते हैं लेकिन श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने छक्के मारने के लिहाज से कई भारतीय बल्लेबाजों को पछाड़ते हुए नंबर दो पर जगह बनाई हुई है। धवन ने 10 टी20 मैचों में कुल 12 छक्के लगाए हैं।

इस मामले में टॉप पर रोहित शर्मा हैं। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 15 मैचों की 13 पारियों में 14 छक्के लगाए हैं। हालांकि शिखर धवन के पास रोहित को पीछे छोड़ने का मौका होगा।

Quick Links

Edited by Nitesh