Smriti Mandhana Birthday Special: 3 बड़ी उपलब्धियां जो स्मृति मंधाना के नाम दर्ज, विराट कोहली से भी एक कदम आगे

Sneha
Smriti Mandhana Birthday Special
भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार स्मृति मंधाना का आज जन्मदिन है (Photo Credit - Instagram/smriti_mandhana)

Happy Birthday Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार स्मृति मंधाना आज 18 जुलाई 2024 को 28 साल की हो गई हैं। 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाली स्मृति अपनी शानदार बल्लेबाजी और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता के कारण जल्द ही फेमस हो गईं। स्मृति ने अब तक अपने 11 साल के करियर में कई पुरस्कार जीते हैं। स्टार बल्लेबाज ने भारत के लिए सात टेस्ट, 85 वनडे और 136 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल मिलाकर 7500 से अधिक रन बनाए हैं। उनके इस खास दिन पर आइए स्मृति मंधाना के करियर की कुछ बड़ी उपलब्धियों पर एक नजर डालते हैं।

WPL 2024 में RCB को जिताया

स्मृति मंधाना ने इस साल की शुरुआत में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक ऐतिहासिक फाइनल में पहली बार महिला प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब दिलाया था। ग्रुप स्टेज में करो या मरो की स्थिति से उबरते हुए, बेंगलुरु ने प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस को हराकर अंतिम गेम में जगह बनाई। फाइनल में 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए, स्मृति ने बेंगलुरु की टीम को लगातार दो बार की फाइनलिस्ट दिल्ली पर आठ विकेट से जीत दिलाई।

दो बार जीता आईसीसी का खास खिताब

स्मृति मंधाना ने 2021 में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर दूसरी बार आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब अपने नाम किया। यह खिताब रेचल हेहो-फ्लिंट अवॉर्ड के नाम से मशहूर है। इससे पहले उन्होंने 2018 में यह अवॉर्ड जीता था। वह ऐसा करने वाली दुनिया की दूसरी खिलाड़ी बनी थी। स्मृति दो बार यह पुरस्कार जीतने वाली क्रिकेटरों के क्लब में ऑस्ट्रेलियाई स्टार एलिस पेरी के साथ शामिल हुईं थी। हाल ही में, इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट 2022 और 2023 में लगातार जीत के साथ यह उपलब्धि हासिल करने वाली तीसरी महिला क्रिकेटर बनीं हैं।

एशियाई खेल 2023 गोल्ड मेडल

पिछले साल एशियाई खेलों में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में स्मृति मंधाना ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने फाइनल में 46 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी, जिसकी मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए थे। उनके व्यक्तिगत स्कोर ने ही भारत को श्रीलंका को 19 रनों से हराकर चीन के हांग्जो में महिला क्रिकेट इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने में अहम भूमिका निभाई थी।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now