दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में श्रीलंका को मिली शर्मनाक हार, सीरीज भी 2-0 से गंवाई

South Africa v Sri Lanka - Second Test Day 3
South Africa v Sri Lanka - Second Test Day 3

दक्षिण अफ्रीका (South Africa) की टीम ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन श्रीलंका (Sri Lanka) की टीम को दस विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज में 2-0 से जीत हासिल की। श्रीलंका से मिले 67 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने इसे बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। एडेन मार्करम ने नाबाद 36 और डीन एल्गर (Dean Elgar) ने नाबाद 31 रन बनाए। पहली पारी में शतक जड़ने के लिए डीन एल्गर को मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। इसके अलाव मैन ऑफ़ द सीरीज भी उन्हें चुना गया।

तीसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद श्रीलंका की टीम बेहतर खेल दिखाने में नाकाम रही। 150/4 से आगे खेलते हुए सबसे पहले दिमुथ करुणारत्ने का विकेट गिरा जो अपना शतक बनाने के बाद 103 रन पर आउट हो गए। निरोशन डिकवेला (36) ने कुछ प्रयास जरुर किया लेकिन वह भी ज्यादा नहीं टिके और पवेलियन लौट गए। बाकी बचे हुए बल्लेबाज भी एक-एक कर आउट होते गए और श्रीलंका की दूसरी पारी 211 रन पर सिमट गई। लुंगी एनगिडी ने 4 और सिपामला ने 3 विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीका को 67 रन का लक्ष्य मिला जो उनके लिए बड़ी बात नहीं थी। डीन एल्गर और एडेन मार्करम ने बिना कोई विकेट गंवाए इसे हासिल कर लिया।

पहली पारी में श्रीलंका की टीम 157 रन के मामूली स्कोर पर आउट हो गई थी, दक्षिण अफ्रीका के लिए एनरिक नॉर्टजे ने उस दौरान 6 विकेट प्राप्त किये थे। इसके बाद जवाब में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 302 रन पर समाप्त हो गई। डीन एल्गर ने शतक जड़ा और श्रीलंका के लिए विश्वा फर्नान्डो ने 5 विकेट चटकाए। इस तरह से दक्षिण अफ्रीका की टीम को 145 रन की बड़ी बढ़त हासिल हुई। श्रीलंका के लिए यह बढ़त चुनौती बन गई और मैच में उन्हें पराजय झेलनी पड़ी।

संक्षिप्त स्कोर

श्रीलंका: 157/10, 211/10

दक्षिण अफ्रीका: 302/10, 67/0

Quick Links

Edited by Naveen Sharma
App download animated image Get the free App now